रोहतक। झज्जर रोड पर रुपया चौक के चाय विक्रेता का दिल्ली रोड से दो बार अपहरण किया गया। युवक ने तिलियार झील के सामने भागने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने काबू कर लिया और मारपीट करके लाढ़ौत रोड पर पटरी के किनारे फेंककर फरार हो गए। घायल मायना निवासी रोहित को पीजीआई में दाखिल कराया गया। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मायना गांव निवासी रोहित ने दी शिकायत में बताया कि आठ जुलाई को वह पावर हाउस चौक स्थित पीजी में अपनी मौसी से मिलने आया था। शाम करीब छह बजे मौसी से मिलकर दिल्ली रोड स्थित गार्डन के सामने से पैदल गुजर रहा था। तभी दो बाइक पर पांच-छह युवक आए और उसे बाइक पर बैठाकर राजीव गांधी स्टेडियम के नजदीक ले गए। साथ ही उसका मुंह तोलिये से बांध दिया। उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही कार में बैठाकर नांदल भवन के पास से तिलियार के पास लेकर आ गए। तिलियार के सामने आरोपियों की कार खराब हो गई। जब युवक कार से नीचे उतरे तो वह मौका पाकर उतरकर शहर की तरफ भाग निकला, लेकिन दूसरी कार से युवक पीछा करते हुए आए और ओमैक्स सिटी के गेट के पास उसे फिर पकड़ लिया। बोल रहे थे कि पंगा लेने का मजा चखाते हैं। उसके बाद उसे कार में डालकर लाढ़ौत रोड पर रेलवे पटरी के पास ले गए। जमकर मारपीट की, साथ ही पटरी के पास फेंककर बोले, कुलदीप से पंगा लिया तो जान से मार देंगे। अगले दिन सुबह पांच बजे लाढ़ौत रोड से एक पुलिसकर्मी गुजरा और उसे पीजीआई में दाखिल करवाया। मामले की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस आई और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर पीड़ित की आरोपी युवकों से क्या रंजिश थी। ताकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।