रोहतक। सदर थाना क्षेत्र के लाढ़ौत रोड पर खराब हुई कार को चोर चुरा ले गए। पीड़ित कार मालिक अपने परिचित के साथ जब गाड़ी लेने पहुंचा तो वारदात का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के सदर थाना पुलिस ने बताया कि जसराना गांव निवासी संजय मलिक वर्तमान में सोनीपत के सेक्टर-75 में रहते हैं। वह तीन जून की शाम को सोनीपत से अपनी रिनाल्ट कार लेकर गांव के लिए निकले थे। जब वह लाढ़ौत रोड रोहतक पहुंचे तो कार में तकनीकी खराबी आ गई। कार को सड़क किनारे लॉक कर वह अपने परिचित के पास चला गया। संजय अपने परिचित के साथ कार लेने मौके पर पहुंचे तो वहां गाड़ी नहीं मिली। इस घटना की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
फसल बेचकर जमा किए 25600 रुपये चोरी
रोहतक। थाना कलानौर के मुगान गांव से तीन जून की रात को एक घर में घुसकर चोरों ने नकदी और मोबाइल चुरा लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मुगान गांव निवासी जीवन पुत्र सुरजभान लाहली गांव की पूर्व सरपंच रेनू मल्होत्रा के खेतों पर काम करता है। जीवन ने फसल बेचकर 25,600 रुपये एकत्र किए थे और उन्हें खेत मालिक को देना था। मगर तीन जून की रात को चोरों ने घर में घुसकर नकदी और एक मोबाइल चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी है।