रोहतक। लोकसभा चुनाव परिणाम की गिनती के दौरान मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाट संस्था परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पावर हाउस चौक से दिल्ली बाइपास तक का ट्रैफिक रूट डायवर्ट किया गया था। इसके चलते शीला बाइपास से दिल्ली बाइपास तक दिन भर जाम के हालात बने रहे। वाहन कतार में रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। इसके चलते पांच से सात मिनट की दूरी 30 से 45 मिनट में तय हुई।
मंगलवार को मतगणना के चलते पुलिस की ओर से परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया गया था। इसके चलते पावर हाउस से आगे दिल्ली रोड पर वाहनों का आवागमन बंद रहा। वाहन चालकों को पावर हाउस से घूमकर दिल्ली बाइपास की ओर से जाना पड़ा। इसी तरह दिल्ली बाइपास से लोगों को शीला बाईपास होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ना पड़ा।
देव कॉलोनी व आसपास के इलाकों में रहने वालों को नाके से पहचान पत्र देखने के बाद ही आगे जाने दिया गया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गेट नंबर एक और दो पर भी नाका लगाया रहा। इस कारण महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से नेकीराम महाविद्यालय तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। यहां दुकानें बंद रही। जाट शिक्षण संस्थाओं के चारों ओर भी पुलिस का कड़ा पहरा नजर आया। बेरिकेड्स लगाकर संस्थाओं के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया। पावर हाउस से मत गणना केंद्र तक सिर्फ ड्यूटी कर्मचारी और एजेंट ही पहुंच पाए, बाकि किसी को भी पावर हाऊस से आगे नहीं जाने दिया गया।
मेडिकल मोड़ पर भी बैरिकेड्स लगाए गए। एंबुलेंस का रास्ता नहीं रोका गया। इसी तरह सोनीपत स्टैंड पर भी बैरिकेड्स लगाकर लोगोंं से पूछताछ कर उन्हें आगे जाने दिया गया। रूट डायवर्ट होने की वजह से शहर में भी जाम के हालत बने रहे। दिल्ली बाईपास पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इस वजह से यात्रियों को काफी समस्या भी हुई। लोग गलियों से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे।