रोहतक। खरावड़ गांव के नजदीक आईएमटी के फेज 3 में हुए विस्फोट की जांच पुलिस कई पहलुओं से कर रही है। छह माह पहले गांव में एक घर के बाहर धमाका हुआ था। धमाके की जांच में किसी का सुराग नहीं लगा। अब पुलिस उस केस की भी पुरानी कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि यह किसी स्थानीय शरारती तत्व की हरकत हो सकती है। रविवार को पुलिस आईएमटी के पूरे इलाके की एकसाथ जांच करेगी। इसके लिए दूसरे जिलों से पुलिस बुलाई गई है।
साथी की बात मानता तो घायल होने से बच जाता बिजली मिस्त्री
बिजली मिस्त्री का काम करने वाले घायल राजकुमार ने पुलिस को बताया कि वह हर रोज साइकिल पर सैर करने आईएमटी के फेज 3 में जाता है। सुबह करीब साढ़े 5 बजे वह शिवराम गौतम के खेत में पहुंचा। क्योंकि वहां पर हैंडपंप लगा हुआ है।
गांव निवासी सुभाष, गीतादत गौतम व नरेश वहां पहले से मौजूद थे। सबसे पहले नरेश हैंडपंप के पानी से हाथ धोकर चला गया। उसके बाद सुभाष ने पानी की बोतल भरी। गीतादत्त हैंडपंप चला रहा था। तभी राजकुमार ने कहा कि एक सफेद रंग की थैली पड़ी है। गीतादत्त ने कहा कि, तुझे क्या है। पड़ी रहने दे। राजकुमार ने उत्सुकता के चलते थैली उठा ली। जमीन से करीब एक फुट ऊपर जोरदार धमाका हुआ। राजकुमार का बाएं हाथ का अंगूठा, कलाई व चेहरा जख्मी हो गया। खून बहने लगा। नरेश ने फोन करके उसे भाई को बुलाया। तत्काल वे बाइक पर खरावड़ पुलिस चौकी के पास ले गए। वहां से कार से पीजीआई ले जाया गया।
....
किसी ने हत्या के इरादे व दहशत फैलाने के लिए रखा था बम
घायल बिजली मिस्त्री का कहना है कि किसी ने जान-माल का नुकसान करने, दहशत फैलाने व शांति भंग करने के इरादे से यहां पर थैली में छुुपाकर बम रखा है।
.....
केमिकल प्रयोग तो नहीं हुआ, मिली प्लास्टिक की शीशी
पुलिस को मौके से बिजली का आठ इंच लंबा तार, प्लास्टिक की तीन इंच लंबी शीशी व बैटरी का खोल मिला है। कहीं बैटरी से जोड़कर केमिकल बम तो तैयार नहीं किया गया। क्योंकि पुलिस को किसी तरह का पाउडर मौके पर नहीं मिला। हालांकि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही पुलिस कुछ बता सकेगी।
........
पूरे आईएमटी एरिया की आज होगी जांच, बाहर से पुलिस बुलाई
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले हुए विस्फोट से पुलिस सकते में है। आला अधिकारियों ने तय किया है कि रविवार को पूरे आईएमटी एरिया की एक साथ जांच की जाएगी। इसके लिए 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी सर्च अभियान में भाग लेंगे, ताकि कोई सुराग हाथ लग सके।
.......
पूनम आर्य ने पीजीआई पहुंचकर पूछा मौसा का हालचाल
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ी रहीं पूनम व प्रवेश आर्य पीजीआई पहुंचीं और अपने मौसा का हालचाल पूछा। पूनम ने बताया कि उनके मौसा की तबीयत ठीक है, लेकिन वे इस तरह के हादसे से सकते में हैं। पुलिस को गहराई से जांच कर विस्फोटक रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
....
वर्जन
पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। कौन सा विस्फोटक पदार्थ प्रयोग किया गया है, यह फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता लग सकेगा।
- कृष्ण कुमार, एएसपी एवं जांच अधिकारी