रोहतक। पुलिस की एवीटी स्टाफ टीम ने गोशाला मोड़ के पास युवक के हाथ से हुई सोने की अंगूठी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसने चोरी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया गया।
प्रभारी एवीटी स्टाफ एसआई गोर्धन सिंह ने बताया कि जनता कालोनी नजदीक रेलवे स्टेशन निवासी बबीता ने पुलिस को शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि 18 मई को रात करीब 8:20 पर उसका पति कैलाश शराब का सेवन कर पैदल अपने घर की तरफ आ रहा था। जब वह गोशाला मोड़ के पास पहुंचा तो अज्ञात युवक उसके हाथ से सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गए।
एवीटी स्टाफ ने केस की जांच करते हुए एएसआई अनिल के नेतृत्व में छापा मारा। टीम ने आरोपी सुनारिया कला निवासी मेहताब को गिरफ्तार किया। इसका पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। पूछताछ में इसने एक अन्य चोरी की वारदात का खुलासा किया। इसने 24 मई की रात हिंदू कॉलेज के सामने वीटा बूथ की खिड़की की कुंडी तोड़कर बूथ से 12 देसी घी के पैकेट, 15 बोतल कोल्ड ड्रिंक व करीब 3000 हजार रुपये चोरी करने की वारदात कबूल की। आरोपी ने चोरी की अंगूठी को बेच दी थी। इसके पास से रुपये बरामद कर लिए गए हैं।