महम। निंदाना में युवक ने कुछ युवकों पर चाकुओं से हमला करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस में दी शिकायत में सचिन निवासी निंदाना ने बताया कि वह गांव के एक युवक के साथ गांव के रजबाहे पर नहाने के लिए गया था। वहां पर कुछ युवक भी नहाने के लिए आ गए। वे आपस में हंसी मजाक कर रहे थे, इसी बीच एक युवक का मोबाइल पानी में गिर गया। इसी बात को लेकर हुई कहासुनी में युवकों ने रंजिश रखनी शुरू कर दी। उसके बाद वे युवक उसको 28 जून को मिले और गाली गलौज करने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि शाम को 9 बजे के करीब वह अन्य दोस्त के मकान पर बैठा हुआ था। तभी कुछ युवक आए और उसे घर से बाहर खींच लिया। उसके बाद उस पर चाकुओं से हमला बोल दिया। हमले में शिकायतकर्ता व एक युवक कुलदीप बेहोश हो गए। जब होश आया तो उसका पीजीआई में इलाज चल रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अंकुर, मंजीत, नितिन, प्रमोद व पांच अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद