रोहतक। शहर के माडल टाउन में शुक्रवार रात को एक होटल में पार्टी चल रही थी। आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। आरोप है कि होटल में बिना अनुमति के शराब परोसी जा रही थी। देर रात तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी।
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि सूचना मिली कि शराब पिलाने के लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस लेना पड़ता है। अगर एक दिन का कार्यक्रम या पार्टी है तो उसकी भी अनुमति ली जाती है। सूचना मिली कि मॉडल टाउन के एक होटल में पार्टी चल रही है, जिसके अंदर शराब परोसी जा रही। रात करीब 10 बजे विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। प्रथम मंजिल पर पार्टी चल रही थी। टीम को देखकर कुछ लोग तुरंत मौके से खिसक लिए, जबकि कुछ खाना खाने में व्यस्त रहे। इसके बाद जांच पड़ताल के बाद आबकारी विभाग की टीम माडल टाउन पुलिस चौकी में चली गई, जहां होटल संचालक को भी बुलाया गया। देर रात तक मामले में आबकारी विभाग की टीम जांच पड़ताल कर रही थी। किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई थी। ब्यूरो