शहर के सेक्टर दो में पूर्व सीएमओ डॉक्टर शिवकुमार की पीजीआई में चिकित्सक बेटी दीप्ति की स्कूटी सवार ने सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया। रविवार शाम सवा सात बजे डॉक्टर दीप्ति बच्चों को साइकिल पर घुमा रही थीं। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
डॉक्टर दीप्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब सवा सात बजे सेक्टर दो के मकान नंबर 846 के सामने से गुजर रही थीं। सामने से स्कूटी पर आए युवक ने झपट्टा मारकर उनकी चेन और लॉकेट तोड़कर फरार हो गया। डॉ. दीप्ति ने बताया कि लॉकेट में डायमंड लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि युवक काले रंग का पायजामा व पूरी बाजू की शर्ट पहन रखी थी। स्कूटी सवार नजदीक के एक सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के बावजूद पकड़ से बाहर झपटमार
सेक्टरों के अंदर चेन स्नेचिंग की लगातार वारदात हो रही हैं। इससे सेक्टरवासियों में रोष है। क्योंकि सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस झपटमार को नहीं पकड़ पा रही है। 23 मार्च को सेक्टरों के अंदर दो जगह झपटमारी हुई थी।
शाम के समय होती है वारदात, सीआईए भी नहीं पकड़ सकी
ज्यादातर वारदात शाम के समय साढ़े 6 से साढ़े 7 बजे के बीच में हो रही हैं। क्योंकि इस समय सीसीटीवी कैमरों में आरोपी साफ नजर नहीं आते। दूसरा, इस समय महिलाएं सैर करने के लिए निकलती हैं। सीआईए की टीमें भी झपटमारों को पकड़ने में नाकाम साबित रही हैं।
सेक्टरों में गश्त बढ़ाए पुलिस : कदम सिंह
सेक्टरों के लोगों ने अपने घरों में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। चौक व चौराहों पर नगर निगम ने अब तक कैमरे नहीं लगवाए। लगातार हो रही वारदात चिंता बढ़ा रही है। सेक्टर एक, सेक्टर दो, तीन-चार, पांच व 14 में न केवल पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, बल्कि चौकी व थानों में भी पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। कदम सिंह अहलावत, पार्षद वार्ड नंबर 11।
झपटमार को पकड़ने के लिए पुलिस अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रही है, लेकिन आरोपी बेहद शातिर हैं। सीसीटीवी कैमरों की साफ फुटेज नहीं मिल सकी है। इस कारण आरोपी को पकड़ने में दिक्कत आ रही है। -इंस्पेक्टर सुरेश, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट।