रोहतक। ब्यूटी पार्लर में तैयार होने गई दुल्हन की सोने की चेन चोरी हो गई, जिसकी कीमत 1.10 लाख रुपये है। वारदात के 40 दिन बाद वीरवार को सिविल लाइन थाने में दुल्हन के पिता डॉक्टर जगत सिंह के बयान पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मेडिकल कैंपस निवासी डॉक्टर जगत सिंह ने बताया कि 18 फरवरी को उसकी बेटी की शादी थी। तैयार होने के लिए उस दिन बेटी ब्यूटी पार्लर में गई थी। जब बेटी तैयार होने लगी तो गले में पहनी सोने की चेन उतारने लगी, जो दो तोले की थी, जिसे दूल्हे पक्ष ने दिया था। नई चेन होने के कारण खुल नहीं रही थी। पार्लर की मालकिन मीनू ने चेन खोली व मेरी बेटी को दे दी। बेटी ने पर्स में रख दी। उस समय पार्लर में दो अन्य ग्राहक भी थी। जब बेटी ने तैयार होने के बाद सामान संभाला तो पर्स से सोने की चेन, नकदी व अन्य सामान गायब था। पार्लर की मालकिन ने बताया कि उसने भी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। बेटी समय के अभाव में शादी में आ गई। उसे पता चला तो उसने पार्लर संचालिका से बात की। कई बार सीसीटीवी फुटेज देगी, लेकिन सामान नहीं मिला।
वर्जन
डॉक्टर जगत सिंह ने देरी से शिकायत दी, जिस पर केस दर्ज कर जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली जाएगी।
इंस्पेक्टर जगबीर सिंह, प्रभारी थाना सिविल लाइन