लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। बुधवार को व्रतियों ने भालौठ सब ब्रांच नहर, गोकर्ण तालाब और पूजा के लिए बनाए गए स्थायी एवं अस्थायी तालाबों पर निर्मित घाटों पर डुबकी लगाई और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान केलवा के पात पर उगे लन सुरुज मल झांके ऊंके..., कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...आदि गीतों से छठ घाट गुंजायमान रहे। वहीं, व्रतियों के साथ घाटों पर पहुंचे परिवार के लोगों ने भी छठ मईया की आराधना की। वीरवार को उदयगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा।
छठ घाटों पर बुधवार को दोपहर तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और यह सिलसिला अर्घ्य देने तक चलता रहा। पुरुष सिर पर टोकरी में पूजन सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचे, जबकि कलश पर जलते दीपक के साथ व्रती नंगे पैर छठ मईया के गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचीं। व्रती अपनी मन्नतों व आस्थाओं के अनुसार घर से घाट तक दंडवत करते हुए पहुंचे और पानी में खडे़ होकर भगवान सूर्य की आराधना करने लगे। इसके बाद जल और दूध से अर्घ्य दिया। वीरवार को व्रती उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत पूरा हो जाएगा।
सड़क पर लगा जाम, रात को जगमग रहा घाट
छठ पर्व पर पूजा के लिए आए हजारों पूर्वांचल वासियों की सुरक्षा के लिए भालौठ सब ब्रांच के दोनों ओर पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे। वाहनों को वनवे किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को समस्या न आए। इसके चलते दिल्ली-रोहतक मार्ग पर जाम लग गया। वहीं देर रात तक घाट रंगबिरंगी लाइटों से जगमग रहा। प्रमुख घाट के अलावा गोकर्ण तालाब व श्रद्धालुओं द्वारा विभिन्न कॉलोनियों में बनाए गए अलग-अलग घाटों को भी सजाया गया था। यहां पर भी देर रात तक धार्मिक आयोजन होते रहे।
सांसद की पत्नी ने की छठ घाट पर आरती
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा की पत्नी डॉ. रीटा शर्मा ने बुधवार को भालौठ सब ब्रांच पर छठ घाट पर महिला श्रद्धालुओं के साथ आरती उतारी। उन्होंने छठ मईया से लोक कल्याण की मनोकामना की और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की बधाई दी।
नहर में नहीं आया पूरा पानी, कीचड़ में डुबकी
नहर पर पूजा के लिए आए भक्तों ने बताया कि पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं होने के कारण कीचड़ में खड़ा होने पड़ा। यदि नहर में अधिक पानी छोड़ा जाता तो उन्हें सहूलियत होती।
लोक आस्था का महापर्व है छठ : डॉ. अरविंद शर्मा
छठ लोक आस्था का महापर्व है। इसमें न केवल उदयगामी सूर्य की पूजा की जाती है, बल्कि अस्ताचलगामी सूर्य की भी पूजा की जाती है। यह विचार रोहतक से सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार को पूर्वांचल एकता सेवा समिति की ओर से भालौठ सब ब्रांच नहर पर आयोजित छठ पूजा के कार्यक्रम में कही। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि छठ पूजा प्राचीन काल से चली आ रही है और इसका अलग ही महत्व है। बिहार सहित देश के अधिकतर राज्यों में यह पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य देव सभी के जीवन में सुख समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य व नई ऊर्जा का संचार करें। हमारे पर्वों में प्रकृति की छवि दिखती है और यह नदियों की पवित्रता का भी पर्व है। छठ ऐसे ही सूर्य की दिव्यता का पर्व है। इस अवसर पर पूर्वांचल एकता सेवा समिति ने सांसद डॉ. अरविंद शर्मा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, अजय बंसल, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, डॉ. रीटा शर्मा, पूर्व मेयर रेणु डाबला, सांसद के निजी सचिव सुनील लाकड़ा, विपिन गोयल, राजेंद्र शर्मा, विक्की अत्री, जयप्रकाश नारायण, डॉ. संजय कुमार, मदन सिंह, रणधीर राय, पप्पू सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
विकास कार्य में आगे बढ़ रहा है प्रदेश
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने छठ घाट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सात साल में भाजपा ने प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाए है। युवाओं को बिना खर्ची व पर्ची के नौकरियां मिल रही है, जोकि ईमानदारी की सबसे बड़ी मिशाल है। किसानों के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनेक योजनाएं लागू की हैं, इसका किसानों को सीधे सीधे लाभ मिल रहा है। रोहतक लोकसभा क्षेत्र वासियों को बड़ी सौगात मिलेगी और कई बडे़ प्रोजेक्टों को मंजूरी मिल चुकी है, जोकि विकास के मामले में मिल का पत्थर साबित होंगे।
हरियाणा के विकास में पूर्वांचल समाज की अहम भूमिका : टुटेजा
हरियाणा के विकास में पूर्वांचल समाज की भूमिका अहम है। पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत के बल पर हरियाणा में एक विशेष मुकाम हासिल किया है। यह विचार आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा लवली ने पूर्वांचल एकता सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ पूजा में बतौर विशिष्ट अतिथि कही। लवलीन टूटेजा ने छठ पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है और न ही राजनीतिक भाषण देने के लिए उपयुक्त समय है। इसके बावजूद वह महसूस करते हैं कि अब तक सत्ता में आए लोगों ने पूर्वांचल समाज के लोगों को उचित मान सम्मान नहीं दिया है। हरियाणा सरकार ने हाल ही में निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण लागू किया है। इससे यहां रोजगार के लिए आने वाले बाहरी लोगों को दिक्कत होगी। उन्होंने निजी क्षेत्र के आरक्षण में पूर्वांचल के लोगों को लाभ दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस बारे में स्थिति स्पष्ट करे। सरकार के इस फैसले से हरियाणा व पूर्वांचल के लोगों के बीच का भाईचारा खत्म होगा। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी पूर्वांचल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल पांडेय, अमित खटक, हर्ष वैंग, सतपाल बजाज, राकेश परूथी एकता सेवा समिति के संरक्षक जयप्रकाश नारायण, संजय कुमार, प्रधान राम इकबाल राय तथा महासचिव रणधीर राय ने लवलीन टुटेजा का स्वागत किया।