रोहतक। शहर के आर्य नगर में चोर एक मकान का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात निकालकर ले गए। मकान मालिक परिवार सहित पूना घूमने गया हुआ था। वापस आने पर वारदात का पता चला। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मकान मालिक अजीत शर्मा ने बताया कि आर्य नगर में ब्रह्म कुमारी मेडिटेशन सेंटर के नजदीक उसका घर है। 22 दिसंबर को वह परिवार सहित पूना घूमने गया था। 26 दिसंबर को घर आया तो मकान के अंदर सामान बिखरा मिला। अंदर से चांदी के सिक्के, लैपटॉप, तीन जोड़ी जूते, कोट पेंट व 30 हजार की नकदी चोरी थी। उसने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पता चला कि 24 दिसंबर की रात को चोर वारदात अंजाम देकर गए हैं। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। अब फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।