रोहतक। ऐतिहासिक किसान आंदोलन की सफलता का श्रेय किसानों को है। किसानों ने अपने हक में लंबा संघर्ष किया है। इसी संघर्ष की जीत हुई है। यह कहना है सांसद दीपेंद्र हुड्डा का। वे शनिवार को झज्जर के खरहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जाते समय किसानों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ विधायक डॉ. रघुबीर कादयान भी मौजूद रहे।
सांसद ने किसानों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे किसानों व सरकार के बीच जिन मांगों पर समझौता हुआ है, उन्हें जल्द पूरा कराने की आवाज उठा कर सरकार पर दबाव बनाते रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री के किसानों के विरुद्ध लाठियां उठाने के बयान की निंदा करते हुए कहा कि बीजेपी सांसद ने हाथ काटने व आंख निकालने की बात कही, एसडीएम के पद पर कार्यरत आईएएस अधिकारी ने लट्ठ मारकर किसानों के सिर फोड़े, किसानों को हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश की गई। यह अन्याय है। सरकार व सरकार में बैठे लोगों ने किसानों को प्रताड़ित व अपमानित कर शांति के रास्ते से भटकाने व आंदोलन तोड़ने का प्रयास किया। इससे किसान विचलित नहीं हुए। किसानों ने समझदारी, शांति, अनुशासन से आंदोलन जारी रखा और सफल हुए। सांपला-रोहद टोल, खरावड़, टीकरी बॉर्डर, किसान चौक समेत कई जगह किसानों ने उनका स्वागत किया। संसद में उनकी आवाज बुलंद करने के लिए पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। किसानों के साथ लंगर ग्रहण किया।