सीसीटीवी में कैद महिला का झपटा मारकर चेन तोड़ता स्कूटी सवार युवक।
रोहतक। शहर की चिन्नोट कॉलोनी में स्कूटी सवार एक युवक बेटे को धूप में घुमा रही महिला रीना की झपटा मारकर चेन तोड़कर ले गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद तो हो गई, लेकिन युवक ने काले रंग का हेलमेट लगा रखा था। साथ ही आगे की प्लेट पर स्कूटी नंबर भी नहीं लिखा था। आर्य नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक महिला रीना ने दी शिकायत में बताया कि सोमवार को वह दोपहर करीब पौने दो बजे गली में अपने डेढ़ वर्षीय बेटे देवांश को साइकिल पर घुमा रही थी। घर के सामने अचानक सामने से स्कूटी पर एक युवक आया और झपटा मारकर सोने की चेन तोड़कर ले गया, जिसमें लोकेट भी था। मामले की सूचना रीना ने अपने पति गौरव वधवा को दी, जो पब्लिक हेल्थ में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत हैं। इसके बाद पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर सूचना दी गई। आर्य नगर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक कैमरे में वारदात कैद मिली।
पूरी तैयारी से आया युवक, न चेहरा दिखाई दिया न स्कूटी नंबर
गौरव वधवा ने बताया कि आरोपी सीसीटीवी कैमरे को लेकर पहले से सतर्क दिखाई दे रहा है। इस कारण काले रंग का हेलमेट लगाकर आया। उसने स्कूटी पर आगे की प्लेट पर नंबर भी नहीं लिखवा रखा है।
आर्य नगर थाना पुलिस को हिदायत दी गई है कि सख्ती के साथ झपटमार की तलाश की जाएगी। इसके लिए सूचना तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। उम्मीद है जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
- कृष्ण कुमार लोहचब, एएसपी रोहतक