14-सुपवा के मिनी ऑडिटोरियम में नाटक बियोंड द इमेजिनेशन का मंचन करते छात्र। स्रोत : सुपवा।
रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) में मंगलवार को नाटक बियोंड द इमेजिनेशन का तीन दिवसीय मंचन शुरू हुआ। पहले दिन इसके दो शो आयोजित किए गए। इस दौरान वेंचर कैपिटलिस्ट एवं एवीपीएल इंटरनेशनल के फाउंडर दीप सिसाय और ओटीटी प्लेटफॉर्म स्टेज ऐप के हरियाणा हेड विनय लाठर बतौर अतिथि मौजूद रहे।
नाटक का मंचन फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एक्टिंग विभाग के विद्यार्थियों ने मिनी ऑडिटोरियम में किया। यह प्रसिद्ध मराठी नाटक प्रतिबिंब पर आधारित है, जिसे जाने-माने लेखक एवं साहित्यकार महेश एलकुंचवार ने लिखा है।
नाटक में महानगरीय जीवन में व्यक्ति की पहचान, अकेलापन, आत्म-संघर्ष और मानसिक विखंडन का प्रभावी मंचन किया गया। एक्टिंग के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थी भारती, प्रिंस और पुष्कर ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। नाटक का निर्देशन एनएसडी से स्नातक सुशील कांत ने किया। एनएसडी की पूर्व छात्रा पाली फुकॉन ने कॉस्ट्यूम डिजाइन तैयार किया।
बियोंड द इमेजिनेशन के आगामी शो 10 जून को शाम 6:30 बजे तथा 11 जून को दोपहर 3:30 बजे और शाम 6:30 बजे प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक, एफटीवी के एफसी महेश टीपी, विजुअल आर्ट्स के एफसी विनय कुमार और डिजाइन फैकल्टी की एफसी डॉ. शैली खन्ना भी मौजूद रहीं।