शहर की एकता कॉलोनी में 19 वर्षीय छात्रा का शव शनिवार दोपहर बाद फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया है।
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि काफी लंबे समय से उत्तर प्रदेश का परिवार रोहतक की एकता कॉलोनी में रहता है। 12वीं पास युवती नीतू की मां जहां हिसार रोड पर नट बोल्ट फैक्टरी में काम करती है, जबकि पिता सैटरिंग का काम करता है। शनिवार को नीतू घर पर अकेली थी। भाई घर आया तो उसने देखा कि कमरे में नीतू फंदे पर लटकी है। तत्काल परिजनों को सूचित किया। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस व एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच-पड़ताल कर शव पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया। परिजनों का कहना है कि नीतू कई दिन से मानसिक तौर से परेशान थी। फिलहाल मामले में आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।