रोहतक। शहर की रामनगर कॉलोनी में बंद पड़े मकान में तोड़फोड़ कर सामान चुराने का मामला सामने आया है। आर्य नगर थाने में पंचकूला से आकर महिला ने पहलवान व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक पंचकूला निवासी सरोज कुमारी ने दी शिकायत में बताया कि वह पंचकूला के सेक्टर 21 में रहती है। उसके पति का 2008 में देहांत हो गया था। उसके पति के नाम रोहतक स्थित शिवम इन्कलेव (रामनगर कॉलोनी) में मकान है। मकान में वह कभी-कभी रहने आती है। यह मकान 1989 में खरीदा गया था। मकान की रजिस्ट्री भी उसके पास है। एक अप्रैल की दोपहर पड़ोसियों ने उसके देवर को सूचना दी कि एक पहलवान व उसके साथियों ने जेसीबी से मकान में तोड़फोड़ की और सामान उठाकर ले गए। उसके देवर ने उसे सूचना दी। वह पंचकूला थाने में पहुंची, जहां से उसकी बात आर्य नगर थाना प्रभारी बनवान सिंह से करवाई। थाना प्रभारी ने मौके का मुआयना करने का भरोसा दिया और रोहतक आकर शिकायत देने को कहा। शनिवार को महिला रोहतक पहुंची और केस दर्ज कराया।