पानी की पाईप लाइन बिछाने के लिए खुदाई करता पब्लिक हेल्थ का कर्मचारी। अमर उजाला
रोहतक। शास्त्री नगर, सूर्य नगर, जेपी कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी और एचएसआईडीसी (हरियाणा राज्य औद्योगिक विकास निगम) से सटे इलाकों के 29 हजार से ज्यादा लोगों को जल्द ही पेयजल संकट से निजात मिलेगी। गर्मी में पेयजल संकट दूर करने के लिए एचएसआईडीसी बूस्टर को बहुअकबरपुर के जलघर से जोड़ा जा रहा है। ये काम चार दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
एचएसआईडीसी हिसार रोड बूस्टर से इंडस्ट्रीयल एरिया और नजदीकी कॉलोनी शास्त्री नगर, सूर्य नगर, जेपी कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, सैनिक कॉलोनी आदि में पेयजल आपूर्ति होती है। बूस्टर को झज्जर रोड जलघर-दो से भरा जाता है। जलघर से बूस्टर की काफी दूरी होने के साथ-साथ ऊंचाई भी है। इससे बूस्टर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता है। इससे इन कॉलोनियों के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। गर्मी में यहां दो-तीन दिन तक लोगों के नलों से एक बूंद भी पानी नहीं टपकता है। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचएसआईडीसी हिसार रोड बूस्टर को बहुअकरबरपुर जलघर से जोड़ा जा रहा है। दावा है कि तीन से चार दिन में कनेक्शन करके जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर सुरेश ने बताया कि बहुअकबरपुर जलघर से एचएसआईडीसी बूस्टर को रफ्तार से पानी मिलेगा जिससे समुचित पेयजल आपूर्ति होगी। लाइन बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है। तीन से चार दिन में बूस्टर व जलघर के बीच बिछाई लाइन का कनेक्शन कर लिया जाएगा। इसके बाद पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
वर्जन
बहुअकबरपुर जलघर से एचएसआईडीसी का बूस्टर जुड़ने से 29 हजार से ज्यादा लोगों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या दूर हो जाएगी। तीन से चार दिन के अंदर समुचित पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
- अनिल रोहिल्ला, एसडीओ।