एसटीएफ रोहतक की टीम ने पांच हजार के इनामी अभियुक्त पानीपत के युवक पलड़ी गांव निवासी सुनील को गिरफ्तार किया है। आगे की कार्रवाई के लिए उसे पानीपत की इसराना थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
एसटीएफ रोहतक के एसपी जयबीर राठी ने बताया कि पानीपत जिले के इसराना थाने के अंतर्गत जुलाई 2022 में जमीन के विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी, जिसमें गांव के युवक अरवीन को गोली मारी गई थी। तभी से आरोपी सुनील फरार चल रहा था। एसटीएफ इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश देकर उसे काबू कर लिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सुनील ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी। पानीपत पुलिस ने सुनील पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
पुरानी आईटीआई व सांपला में झपटमारी
रोहतक पुलिस की स्पेशल चेकिंग के बावजूद जिले में झपटमारी नहीं थम रही हैं। बाबरा मोहल्ले के बाद अब पुरानी आईटीआई व सांपला में झपटमार वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस संबंध में आर्य नगर व सांपला थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक जगदीश कालोनी निवासी कविता शर्मा ने दी शिकायत में बताया कि वह पुरानी आईटीआई के पीछे से गुजर रही थी। इसी बीच बाइक पर दो युवक आए और झपटा मारकर बैग छीनकर ले गए। बैग में मोबाइल फोन, नकदी व कागजात थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
यूपी के गांव समरधीर, अयोध्या निवासी प्रिंस ने सांपला थाने में शिकायत दी कि वह सांपला अनाज मंडी में फ्रूट की दुकान पर काम करता है। साथ ही बाजार में रेहड़ी लगाता है। बुधवार रात करीब नौ बजे अपने दोस्त पिंटु निवासी अलीगढ़, यूपी के साथ रेलवे स्टेशन सांपला पर सैर करने गया था। इसी बीच पिंटु शौच के लिए चला गया। तभी तीन युवक आए और उसे पकड़ लिया। जेब से मोबाइल फोन व 2 हजार की नकदी छीनकर ले गए।
बाबरा मोहल्ला में हुई वारदात का सुराग नहीं
शुक्रवार शाम को केवलगंज निवासी खुशबू चावला माता दरवाजा चौक से पैदल घर जा रही थी। बाबरा मोहल्ले में बाइक सवार दो युवक झपटा मारकर मोबाइल फोन छीनकर ले गए। मोबाइल में 500 रुपये की नकदी भी थी। अब तक वारदात का सुराग नहीं लग सका है।