रोहतक। पुलिस ने आठ माह पहले कंसाल में हुए सोनू हत्याकांड में अति वांछित आरोपी सोनीपत के ककरोई गांव निवासी विजय को गिरफ्तार किया है। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
सीआईए प्रथम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनेश ने बताया कि 10 अगस्त 2021 को कंसाला में शराब ठेके के पास अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। इसमें गोली लगने से एक युवक सोनू की मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच की। जांच में पता चला कि गांव निवासी सुनील उर्फ लाला प्रापर्टी डीलर का कार्य करता है। जो गांव के ही साथी कैलाश के साथ गाड़ी में सवार होकर अपने किसी निजी कार्य के लिए नजफगढ़ गया था। सुनील उर्फ लाला रात के समय करीब 11 बजे गांव कंसाला के पास स्थित शराब ठेके के पास पहुंचा। उसने कार रोककर शराब ठेके व पास में स्थित नमकीन की दुकान से नमकीन व पानी की बोतल ली। आरोप है कि सामान लेते समय ठेके में मौजूद कारिंदे व दुकान विक्रेता के बेटे ने सुनील उर्फ लाला के साथ बहस कर मारपीट करनी शुरू कर दी। सुनील उर्फ लाला ने अपने ताऊ के लड़के सोनू को फोन कर शराब ठेके के पास बुला लिया। सोनू व सोनू के ताऊ का लड़का कुलदीप अपनी गाड़ी में सवार होकर ठेके के पास पहुंच गए। आरोप है कि ठेके के कारिंदे युवक ने मालिक को फोन कर ठेके पर बुला लिया। ठेकेदार निरंजन उर्फ नेनू, आनन्द, जोगेन्द्र, भोलू व नेनू का भतीजा सुनील व अन्य युवकों के साथ गाड़ी में सवार होकर पहुंचा। झगड़े में सुनील उर्फ लाला, सोनू व कुलदीप को गोलियां लगी। सुनील उर्फ लाला ने बचने के लिए शोर मचाया, जिससे आस-पास के व्यक्ति घटनास्थल पर आ गए। आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल हुए सुनील उर्फ लाला, सोनू व कुलदीप को परिजनों द्वारा पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया। सोनू ने रास्ते में दम तोड़ दिया था। पुलिस मामले में सात आरोपियों को काबू कर चुकी है। आरोपी विजय की तलाश जारी थी। उसे अब काबू किया गया है।