रोहतक। डेंगू का प्रकोप चिंता बढ़ा रहा है। जिले में सोमवार को डेंगू के छह केस मिले। इसके साथ ही जिले में अब डेंगू का आंकड़ा 246 पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष के 254 केसों से आठ केस कम है। इसके अलावा 67 जगह पर मच्छर का लार्वा मिला।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में छह डेंगू केसों की पुष्टि हुई। इसमें कलानौर में तीन, बहु अकबरपुर, सलारा मोहल्ला, जींद बाईपास काएक-एक केस शामिल है। जिले में अब तक सबसे अधिक 17 केस सांगाहेड़ा गांव मिले हैं। इसके बाद कलानौर में 12, पिलाना व पाड़ा मोहल्ले में छह-छह केस मिल चुके हैं। विभाग की लार्वा विरोधी गतिविधि में जुटी टीमों ने सोमवार को विभिन्न इलाकों में जल स्त्रों की जांच की। यहां उन्हें 67 जगह मच्छर का लार्वा मिला। इसके चलते संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। इधर, स्कूली विद्यार्थियों की मदद से गांवों में जागरूकता संदेश भी दिया गया। इसके तहत मच्छर जनित रोगों को फैलने से रोकने के लिए सफाई रखने, घरों व आसपास पानी जमा न होने देने के साथ लार्वा नहीं पनपने देने की जानकारी दी गई।