रोहतक। प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर आम आदमी की परेशानी कम नहीं हो पा रही है। शनिवार को छुट्टी के दिन सुबह साढ़े नौ बजे ही लोग टैक्स जमा कराने निगम कार्यालय पहुंचे, लेकिन साढ़े 11 बजे तक साइट ठप रही। इसके चलते दो घंटे तक लोग लाइन में खड़े रहे। अब रविवार को भी टैक्स जमा होगा। जबकि त्रुटियां दूर करने के लिए कैंप सोमवार से शुरू होगा, जो 31 जुलाई तक जारी रहेगा।
प्रदेश सरकार की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स में 31 जुलाई तक छूट दी गई है, लेकिन टैक्स में त्रुटियों के कारण लोग छूट का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसके चलते निगम एक माह से शिविर लगाकर बिल ठीक किया जा रहा है। शनिवार को शिविर नहीं लगा, लेकिन टैक्स जमा किया जा रहा है। सुबह लोग टैक्स जमा कराने पहुंचे, लेकिन साइट नहीं चली। दो घंटे तक काउंटर के बाहर लोग खड़े रहे। सूचना पाकर जोनल टैक्स ऑफिसर अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मुख्यालय ई-मेल करके सूचना दी। इसके बाद साइट दोबारा चालू हो सकी।
निगम कार्यालय में रविवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा होगा। सुबह साइट में थोड़ी दिक्कत आ गई थी, जिसे ठीक करवा दिया गया। रविवार को भी टैक्स जमा होगा, लेकिन शिविर सोमवार से लगेगा।
अशोक कुमार, जोनल टैक्स ऑफिसर नगर निगम