रोहतक। सेक्टर एक में ढाई करोड़ की लूट के मामले में चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। सोमवार को एसपी ने अपराध जांच शाखा प्रथम, अपराध जांच शाखा द्वितीय, एवीटी स्टाफ व अर्बन एस्टेट थाने की टीम की संयुक्त बैठक ली। साथ ही एएसपी महम हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। बैठक में संभावित दृष्टिकोण से जांच आगे बढ़ाने पर मंथन हुआ।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को निजी कंपनी के कैशियर शशि प्रकाश ने शिकायत थी कि उनकी कंपनी अलग-अलग बैंकों के एटीएम में कैश डालने का कार्य करती है। शुक्रवार को करीब पौने एक बजे सेक्टर एक स्थित एसबीआई व एक निजी बैंक के एटीएम में कैश डालने पहुंची। दो कर्मचारी जहां एटीएम के पास चले गए, जबकि सुरक्षा गार्ड की निगरानी में कैशियर संदूक का ताला खोलकर नकदी निकालने लगा। थोड़ी दूरी पर पहले से बाइक पर खड़े युवकों में एक ने सुरक्षा गार्ड रमेश को पीछे से कूल्हे में दो गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा। साथ ही उसकी बंदूक छीन ली। इसके बाद कैशियर की तरफ झपटे और दो बैग में बंदूक के अंदर से 2 करोड़ 62 लाख रुपये भरकर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। साथ में सुरक्षा गार्ड की बंदूक भी ले गए। कैश वन के अंदर रखी 30 लाख रुपये बच गए। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया था।