बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज बसें। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
हरियाणा पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) की भर्ती के लिए 26 सितंबर को नौ जिलों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हरियाणा राज्य परिवहन ने रूट मैप तैयार कर लिया है। इस दौरान रोहतक डिपो से अभ्यर्थियों के लिए अलसुबह 3 बजे से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जो देर रात तक चलेंगी। अभ्यर्थी सुबह टिकट काउंटर पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से ऑन डिमांड बस चलेंगी।
रोहतक डिपो के डीआई सुभाष चंद्र ने बताया कि एसआई परीक्षा को लेकर रोडवेज विभाग की पूरी तैयारियां है। जिस रूट पर अभ्यर्थियों की मांग रहेगी, तुरंत ही वहां के लिए बस भेज दी जाएगी। परीक्षा के लिए दो लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया हुआ है। परीक्षा सुबह और शाम दो पालियों में आयोजित होगी। सुबह की पाली में पुरुष व शाम की पाली में महिलाओं का पेपर होगा। सुबह की पाली में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का समय है। सुबह 9 से 10:30 बजे तक परीक्षा चलेगी। इसके बाद शाम की पाली में महिला वर्ग के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक का रहेगा और दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा होगी।