रोहतक। सर्वर डाउन होने के चलते सोमवार को लघु सचिवालय के ई-दिशा केंद्र में सरल के सातों काउंटरों पर शांति बनी रही, जबकि यहां काम कराने आए लोग कुर्सियों पर बैठकर सर्वर चालू होने का इंतजार करते रहे, तो कुछ थककर लौट भी गए। यहां 48 विभागों से संबंधित 650 के करीब काम रोजाना ऑनलाइन होते हैं। सर्वर डाउन होने से लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
आमजन से जुड़ी सेवाएं सर्वर से ऑनलाइन होने के चलते प्रभावित हैं और इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को उठाना पड़ रहा है। लगभग 25 दिन पहले भी एक सप्ताह से अधिक समय सर्वर डाउन होने के चलते लोगों का कार्य प्रभावित हुआ था। सबसे अधिक परेशानी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र आवेदन करने वालों को होती है। सीआरएस पोर्टल बंद होने पर न तो प्रमाण पत्र के लिए आवेदन हो पाते हैं और न ही काम होने के बाद भी प्रमाण पत्र डाउनलोड हो पाते हैं।
गौरतलब है कि सरल पोर्टल पर प्रतिदिन 50 से 60 जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, पीजीआईएमएस से 70 से 80 और सामान्य अस्पताल से 60 से 70 प्रमाण पत्र आवेदन होते हैं। इसके अलावा अन्य विभागों के भी काम ऑनलाइन होते हैं, यह सब प्रभावित हो रहे हैं। समस्या यह भी है कि सर्वर स्लो होने के चलते काम नहीं हो पा रहा है और न ही जानकारी मिल पा रही है कि काम कब होगा। यहां विभिन्न विभागों की एनओसी, परिवार पहचान पत्र व अन्य सर्टिफिकेट बनवाने आए लोग परेशान रहे।
सोमवार को सरल पोर्टल का सर्वर डाउन रहा। इसके चलते टोकन अधिक जारी नहीं किए गए। जैसे ही सर्वर काम करता है, काउंटर पर काम कर दिया जाता है। सर्वर में अपग्रेडेशन चंडीगढ़ में हो रहा है, इसके चलते समस्या हो जाती है।
-तेज प्रकाश गुप्ता, सुपरवाइजर, सरल पोर्टल, ई-दिशा केंद्र, लघु सचिवालय