रोहतक। परिवदेना समिति की बैठक में शुगर मिल रोहतक की एमडी व आरटीए सचिव, डीईटीसी, सहकारिता के महाप्रबंधक व महम मार्केट कमेटी के सचिव के न आने पर पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्णलाल पंवार नाराज हो गए।
पांच विभागों के आला अधिकारियों को जहां नोटिस देकर जवाब मांगने के लिए डीसी को निर्देश दिए, बल्कि बैठक में आए जूनियर अधिकारियों को बैठक से बाहर कर दिया। बोले, अब नोटिस दिया जाएगा, अगर अगली मीटिंग में नहीं आए तो चार्जशीट करूंगा। मुख्य सचिव तक कार्रवाई के लिए पैरवी करूंगा।
सुबह करीब सवा 11 बजे शुरू हुई बैठक में मंत्री ने 16 में से 9 मामलों का निपटारा किया। ओमैक्स सिटी व मोखरा श्मशान घर मामले की दोबारा से अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
माइक को लेकर मंत्री के आगे उलझे फरियादी
पंचायत मंत्री जब परिवेदना समिति की बैठक सुन रहे थे, जब ओमैक्स सिटी को लेकर फरियादी बाइक पर बोलने को लेकर आसपास में उलझ गए। एक पक्ष जहां ओमैक्स सिटी को नगर निगम में शामिल करने की पैरवी कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष निगम से बाहर रहना चाहता है। मंत्री के इशारे पर पुलिस तैनात हुई, इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से बैठक में निपटारा हो सका।
कांग्रेस विधायक नहीं आए बैठक में
परिवेदना समिति की पहली बैठक में कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा, शकुंतला खटक व बलराम दांगी पहुंचे थे, लेकिन इस बार की बैठक में तीनों विधायक नहीं आए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा व लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी बैठक में नहीं पहुंचे।
गांवों में लालडोरे के बाहर मिलेगा मकान का मालिकाना हक
पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव में लाल डोरे के बाहर बने 100 से 500 गज तक के 20 साल पहले बने मकान का कलेक्टर रेट पर मालिकाना हक देगी। सरकार ने इसके लिए विधानसभा सत्र में विधेयक पेश किया है। बशर्ते मकान तालाब या फिरनी की जमीन पर न बना हो। बैठक में डीसी धीरेंद्र खड़गटा, निगम आयुक्त धर्मेंद्र सिंह, एसपी नरेंद्र बिजारणिया व एसडीएम आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रदेश सचिव से आगे नजर आए जिला अध्यक्ष
परिवदेना समिति की बैठक में भाजपा की प्रदेश सचिव रेणू डाबला, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल व दूसरे भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंचे। प्रदेश सचिव रेणू डाबला जहां पीछे बैठी नजर आई, जबकि जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका पंचायत मंत्री के साथ आगे नजर आए।