पानीपत-अंबाला सवारी गाड़ी में हुए धमाके के बाद रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। शनिवार रोहतक रेलवे स्टेशन पर सुबह आरपीएफ के जयपाल सिंह, आरपीएसएफ के राजपाल सिंह, जीआरपी के बलकार सिंह ने सर्च अभियान चलाया।
देर सायं जीआरपी हिसार डिवीजन के डीएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।
डीएसपी के औचक निरीक्षण से स्टेशन परिसर में एकाएक हलचल मच गई। जीआरपी के कार्यवाहक एसएचओ जगदीश चंद्र व आरपीएफ के एसएचओ एसपी सिंह तथा रेल वार्डन के साथ अधिकारी ने बैठक की।
उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि स्टेशन पर थाने का मुलाजिम डीएफ एमडी और एचएचएमडी के साथ ड्यूटी करें। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को हिदायत देते हुए कहा की रोहतक जंक्शन से गुजरने वाली प्रत्येक रेल गाड़ी को आरपीएफ रेल वार्डन व रेलवे अधिकारियों कर्मचारियों के सहयोग से जांचे।
इसमें प्लेटफार्म पर मौजूद कुली, हॉकर व वेंडर से मदद ली जा सकती है। उन्होंने स्टेशन पर पर्याप्त मात्रा में सेफ्टी बैग का प्रबंध करने के निर्देश जारी किए व स्टेशन की एंट्री गेट पर मोर्चा बंदी का प्रबंध करने को कहा।
ये हैं सवाल
- पहले लगे सीसीटीवी कैमरे क्यों हटवाए गए।
- चारों तरफ से खुले प्लेटफार्म के आवागमन पर कैसे लगेगी रोक।
- बगैर मैटल डिटेक्टर गिनती का सुरक्षा बल कैसे रखेगा हजाराें यात्रियों पर नजर।