रोहतक। जिले के सरकारी स्कूल सुरक्षित नहीं हैं। रविवार की रात चोर लाखनमाजरा खंड के गांव घरौंठी व हुमायूंपुर गांव के सरकारी स्कूल के ताले तोड़कर बैटरी व अन्य सामान ले गए। इस संबंध में आईएमटी व लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर 2 निवासी संगीता ने बताया कि वह हुमायूंपुर गांव के सरकारी स्कूल में प्राचार्य है। शनिवार को स्कूल स्टाफ ताले लगाकार आ गया था। सोमवार सुबह जाकर देखा तो एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर से चार सोलर बैटरी व इनवर्टर चोरी मिला। वहीं घरौंठी गांव के सरकारी स्कूल की प्राचार्य मंजू ने लाखनमाजरा थाने में शिकायत दी कि चोर रविवार की रात ताले तोड़कर इनवर्टर, बैटरी, टूल किट, 6 पैन ड्राइव व अन्य सामान ले गए।