रोहतक। डी-पार्क स्थित गोल मार्केट में तीन परिवारों ने अपने सदस्यों को खो दिया। गुरुनानकपुरा निवासी सौरभ उर्फ रोहित की शिनाख्त भाई ने दाढ़ी देखकर की तो अमन को पजामी व जुराब देकर परिजनों ने पहचाना जबकि नेहरू कॉलोनी निवासी कपिल को परिजनों ने कपड़े से पहचाना। झुलसे शवों का बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद पता लग सकेगा कि मौत दम घुटने से हुई या जलने से।
.....
सौरभ बोले- भाई सीढि़यों से ऊपर जा रहा हूं
गुरुनानकपुरा निवासी चेतन ने बताया कि भाई सौरभ बाहर निकलने का प्रयास करने लगे तो आग लगने से शटर नीचे आ गया। उसने भाई को कॉल की तो उसने बताया कि वह सीढि़यों के रास्ते ऊपर जाने का प्रयास कर रहा है। आग बुझने के बाद जब एनडीआरएफ की टीम ने जांच की तो सौरभ का शव सीढि़यों पर मिला। साफ है कि उसकी वहीं पर दम घुटने से मौत हो गई।
.....
धोबी मोहल्ले से नेहरू कॉलोनी में शिफ्ट हुए थे अमन यादव
बाबरा मोहल्ला निवासी विकास यादव ने बताया कि उसके भाई जगदीश यादव खेतीबाड़ी करते हैं। बेटा अमन यादव तीन साल से जूतों की दुकान पर नौकरी करते थे। उसकी एक बेटी व एक बेटा है। करीब दो बजे आग लगने से सूचना पर वह मौके पर पहुंचे। बताया गया कि अमन की तबीयत खराब थी और वह पहली मंजिल पर आराम कर रहे थे। इसी बीच आग लग गई। नीचे शटर गिरने से वह बाहर नहीं आ सके। उनका शव पहली मंजिल पर ही मिला है। लग रहा है कि दम घुटने से वह बाहर नहीं आ सके। पीजीआई डेड हाउस में उसकी जुराब से शव को पहचाना गया।
....
कब-कब हुईं आग लगने की बड़ी घटनाएं
अप्रैल 2022 : आईएमटी स्थित मारुति सुजुकी के रिसर्च प्लांट में भीषण आग लगी। शॉर्ट-सर्किट से लगी इस आग के कारण दम घुटने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी।
अप्रैल 2023 : जींद रोड स्थित होटल में लगी आग लगी थी जिसमें चार दोपहिया वाहन चपेट में आ गए थे।
दिसंबर 2024 : किला रोड पर कपड़े के शोरूम में शॉर्ट-सर्किट से आग लगी।
दिसंबर 2025 : डी पार्क के नजदीक खड़ी कार में आग लगी, चालक बाल-बाल बचे।