रोहतक। सफाई कर्मचारियों ने 30 जून तक हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। ऐसे में प्रदेश भर में सफाई व्यवस्था अब पटरी पर लौट आएगी। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के अध्यक्ष नरेश शास्त्री की अध्यक्षता में वीरवार को रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में प्रदेशस्तरीय बैठक हुई है। नरेश शास्त्री का कहना है कि ज्यादातर मांगों पर सरकार ने सहमति जताते हुए 30 जून तक समय निर्धारित किया है।
शास्त्री का कहना है कि यदि 30 जून तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो सफाई कर्मचारी 1 जुलाई से फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे। बैठक में लगभग 550 कर्मचारी शामिल रहे और करीब तीन घंटे की मंत्रणा के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी है।
हरियाणा में 14 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई थी। शहरों की सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए थे।बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ के अलावा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र सिणद व महिला ब्रांच और सभी जिलों के पदाधिकारी बैठक मौजूद रहे।
इन मांगों पर बनी सहमति
पालिका और फायर के कच्चे कर्मचारियों की स्थायी भर्ती करने, भर्ती नियमों में छूट देकर पक्का करने, फायर मैन को फायर ऑपरेटर के पद पर पक्का करने, वर्दी भत्ता 7500 रुपये सालाना व जोखिम भत्ता 500 रुपये दिया जाए। नगर पालिका के ठेके के कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन 15,220 रुपये देने, ईएसआई, ईपीएफ सुविधा के साथ ही उनका रजिस्ट्रेशन करने, डोर टू डोर व अन्य स्वीपिंग कर्मचारियों को तमाम लाभ व बैंक से समान वेतन देने, शिक्षित सफाई कर्मचारियों को पदोन्नति दी जाए। पालिकाओं, परिषदों व निगमों में नए पदों का सृजन करने, नए पदों पर स्थायी भर्तियां की जाए। फरीदाबाद में दशकों से कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने आदि मांगों पर सहमति बनी है।