रोहतक। जिस घर की आय पिता की दिहाड़ी पर टिकी हो और संघर्ष रोज का साथी हो। ऐसे ही परिवार से निकली कुमकुम नागर ने 94.4 अंकों से विद्यालय में टॉप किया है।
हिसार रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुमकुम नागर ने हरियाणा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परिणाम में 94.4 प्रतिशत अंक लाकर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया है। कुताना निवासी कुमकुम नागर माता-पिता संग सीमित संसाधनों में जीवन गुजारा करती हैं। कुमकुम के पिता नट-बोल्ट फैक्ट्री में मशीन चलाते हैं। मां बेबी नागर घर संभालती हैं।
कुमकुम रोज 6-7 घंटे पढ़ाई को करती हैं। सोशल मीडिया से दूरी बनाई है। अब कुमकुम 11वीं में आर्ट्स विद मैथ विषय के साथ पढ़ाई करेंगी। उनका सपना इंजीनियर बनने का है।विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुनीता अहलावत का कहना है कि कुमकुम शुरू से अनुशासित और लगनशील रही हैं। राजकीय स्कूल में पढ़कर टॉप करने वाली कुमकुम की कहानी उन लोगों को जवाब है जो सरकारी स्कूलों पर भरोसा नहीं करते।