उपद्रव की आग में रोहतक-पानीपत हाईवे पर बने दोनों टोल को करीब तीन करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। 10 दिनों तक बंद रहने के बाद दोनों टोल को पुलिस की मौजूदगी में मंगलवार को अव्यवस्थाओं के बीच शुरू कर दिया गया।
हालांकि दोनों टोल पर तोड़फोड़ और आगजनी के बाद अभी हालात सुधरे नहीं है। अभी यहां मेन्युअल तरीके से टोल की वसूली शुरू की गई है।
बता दें कि जाट आरक्षण आंदोलन के बाद छिड़े उपद्रव में रोहतक-पानीपत रोड पर मकड़ौली और डाहर टोल को भी निशाना बनाया गया था। करीब 66 किलोमीटर लंबे रोहतक-पानीपत हाईवे पर ये ही दो टोल हैं। उपद्रवियों ने टोल प्लाजा के वाहनों के साथ-साथ कार्यालय और मशीनों में भी तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी।
अब दोनों टोल शुरू कर दिए गए हैं। कोई विवाद न हो, इसके लिए वहां पर पुलिस भी तैनात की गई है। टोल प्लाजा के सीजीएम सतानंद चौहान ने बताया कि तोड़फोड़ और आगजनी में काफी नुकसान हुआ है।