किसानों पर अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में गाजियाबाद के लोनी से विधायक नंदकिशोर गुर्जर को रोहतक जिला अदालत ने नोटिस भेजा है। विधायक को 11 फरवरी तक नोटिस का जवाब देना होगा।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी हलके के विधायक नंदकिशोर गुर्जर को हरियाणा की रोहतक जिला अदालत ने नोटिस जारी किया है, जिसका 11 फरवरी तक अदालत ने जवाब मांगा है। अदालत ने किसान बलराम मकड़ौली की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह कदम उठाया है।
याचिकाकर्ता के वकील विनोद अहलावत ने बताया कि एक साल से दिल्ली के बॉर्डर पर किसान तीन कृषि कानूनों के चलते धरना दे रहे हैं। आरोप है कि 27 जनवरी 2021 को गाजियाबाद स्थिति लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने धरना दे रहे किसानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
साथ ही गृहमंत्री को पत्र लिखा था। इससे आहत सुभाष रोड रोहतक निवासी बलराम मकड़ौली ने जिला अदालत में याचिका दायर कर लोनी के विधायक के खिलाफ देशद्रोह व दंगा भड़काने का केस चलाने की मांग की थी। निचली अदालत ने 14 अक्तूबर को याचिका खारिज कर दी थी।
निचली अदालत के फैसले के खिलाफ याचिकाकर्ता ने ऊपरी अदालत में अपील की थी। शुक्रवार को अपील पर सुनवाई करते हुए एएसजे मनपाल रमावत की अदालत ने लोनी के विधायक को नोटिस भेजकर 11 फरवरी तक जवाब मांगा है।