एमडीयू के विभिन्न छात्र संगठनों ने वीरवार को कैंपस में रोष प्रदर्शन किया। विवि की स्वायत्तता व वीसी को हटाने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। यहां उनसे वीसी की भर्ती को गलत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। ऐसा नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की भी चेतावनी दी गई है। इसमें इनसो, आईएसओ, एसएफआई, एबीवीपी व अन्य छात्र संगठन शामिल हैं। यहां सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
वीरवार सीएम को कैंपस में पहुंचने से पहले ही विद्यार्थियों की भीड़ कार्यक्रम स्थल के आसपास पहुंचना शुरू हो गई। कुछ ही देर में एमडीयू स्थित मातूराम यज्ञशाला के पास काफी संख्या में विद्यार्थी एकत्रित हो गए। इन्होंने वहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। सीएम काफिले के वहां से गुजरते समय विद्यार्थियों ने नारे लगाए। विद्यार्थियों की भीड़ के चलते सीएम सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों ने उन्हें यज्ञशाला के पास ही बैरिकेड लगाकर रोक दिया। यहां काफी देर तक नारेबाजी करने के बाद कुछ विद्यार्थियों का एक दल सीएम से मिलने के लिए बुलाया गया। कार्यक्रम के बाद इनकी सीएम से बातचीत हुई। यहां विद्यार्थियों ने विवि की स्वायत्तता, कुलपति के दस्तावेजों की जांच, फर्जी नियुक्ति व अन्य मुद्दों को लेकर अपना ज्ञापन उन्हें सौंपा और उचित कार्रवाई की मांग की।
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने फर्जीवाड़े के दस्तावेज मुख्यमंत्री को सौंपे
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल ने एमडीयू के कुलपति की डिग्रियों की जांच की मांग उठाते हुए फर्जीवाड़े के दस्तावेज मुख्यमंत्री को सौंपे। उनसे कहा कि कुलपति के दस्तावेजों की जांच कराकर उन्हें कुलपति के पद से हटाया जाए। यही नहीं, कुलपति को प्रोफेसर बनवाने वाले व नियुक्ति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाए। इस मांग को लेकर इनसो लगातार मोर्चा खोले हुए है। सरकार के विवि की स्वायत्तता खत्म करने का आदेश से शिक्षण संस्थान बर्बाद हो जाएंगे। कुलपति पद पर शिक्षित, योग्य व ईमानदार लोगों को बैठाया जाए। इसी से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है। इस मौके प्रदीप शर्मा, रवि रेढू, धीरज गुलिया, अभिषेक देशवाल, राहुल बाबा, अंकित, मोहित, सन्नी दलाल, निशांत देशवाल, हर्ष दहिया, अभिषेक दूहन, साहिल, नीरज, जसबीर मौजूद रहे।
---------
आईएसओ ने सीएम को छात्रों की मांगों से अवगत कराया
इंडियन नेशनल लोकदल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (आईएसओ) कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी की अगुवाई में मुख्यमंत्री को छात्रों की मांगों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एचएसएससी की भर्तियों व परीक्षाओं में धांधलियों की उच्च स्तरीय जांच की जाए। शिक्षा विभाग के रिक्त पदों पर जल्द पारदर्शिता से भर्ती की जाए। स्कूल व क ॉलेजों में स्टाफ की कमी दूर की जाए। प्रदेश महासचिव दिनेश सहरावत ने कहा कि छात्रों की मांगों को सरकार जल्द पूरा करे। ऐसा नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पडे़गा। इस मौके पर मोहित सैनी, मनजीत मलिक, प्रदीप मकड़ौली, दीपक, रोहित, सिकंदर, अंकुश, विकास, विनय, गौरव मौजूद रहे।
----------
एसएफआई के प्रतिनिधिमंडल ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याएं उनके समक्ष रखीं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला सह सचिव प्रशांत सिंह ने किया। संगठन की जिला कमेटी सदस्य नितिन ने कहा कि सरकार विश्वविद्यालयों को स्वायत्तता के नाम पर बर्बाद करने पर तुली हुई है। इससे विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने पांच सूत्री ज्ञापन सीएम को सौंपा। इसमें राज्य व केंद्र के सभी विश्वविद्यालयों में शहीद-ए-आजम के नाम से चेयर स्थापित करने, एससी/बीसी श्रेणी के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति जारी करने, विश्वविद्यालय में शिक्षकों व गैर शिक्षकों की भर्ती करना मुख्य रहा। इस मौके पर भारती, निशा, रजिया, सचिन नरवाल, कपिल पांचाल, मनजीत, सचिन, मनीष, सचिन, शुभम, नितिन, अमित मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने सीएम को सौंपा 13 सूत्री मांगपत्र
एमडीयू के छात्र दीपक धनखड़ के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अपने व शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता छीनने के फैसले को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों, गैर शिक्षकों की भर्तियों को यूनिवर्सिटी से छीनकर अपने हाथों में लेकर विवि तंत्र को खत्म किया है। अब आयोग के जरिये भर्ती कर यूनिवर्सिटी की ऑटोनोमस बॉडी के साथ छेड़छाड़ की गई है। इस फैसले को जल्द वापस लिया जाए।
रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाए : सपना
नेकीराम कॉलेज की छात्र संघ अध्यक्ष सपना ने कहा कि हरियाणा के सभी कॉलेजों में पीजी की 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएं। हिंदू कॉलेज पूर्व अध्यक्ष प्रीतम अहलावत ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पड़े सभी कॉलेजों के अध्यापकों, प्राचार्य, विश्वविद्यालय के कुलपतियों के रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाए। एमकेजेके छात्रसंघ अध्यक्ष कीर्ति त्यागी ने कहा कि कॉलेजों, यूनिवर्सिटी व शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए प्रदेश के हर गांव से लेकर शिक्षण संस्थानों तक निशुल्क रोडवेज बस चलवाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है। इसे शीघ्र पूरा किया जाए। इस मौके पर कृष्ण दलाल, प्रीतम अहलावत, सपना, अमित दलाल व अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।