रोहतक में बिजली निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। इस बार सुखपुरा चौक स्थित पावर हाउस पर हाईवोल्टेज लाइन पर करंट लगने से एएलएम बुरी तरह झुलस गया। करंट से 80 प्रतिशत झुलसे एएलएम को दिल्ली रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने निगम के ही एक जेई पर उसको हाईवोल्टेज लाइन पर चढ़ाने का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की गई है। फिलहाल अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। इधर, रिठाल में भी एक युवक करंट से झुलस गया।
परिजनों ने बताया कि अक्षय कुमार बिजली निगम में बतौर एएलएम कार्यरत है। सोमवार को जेई ने जबरन चलती लाइन पर उसे को चढ़ा दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि अक्षय ने बिजली लाइन पर काम करने से इन्कार किया था।
परिजनों का आरोप है कि कई बार इन्कार करने के बावजूद जेई ने अक्षय की एक न सुनी और उसे जबरन लाइन पर चढ़ा दिया। 33 केवीए का करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। उसे आनन-फानन में पीजीआई में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि किसी बात को लेकर जेई लगातार अक्षय को परेशान कर रहा था। इसी वजह से उसने लाइन पर चढ़ाया। अक्षय से जो काम कराया जा रहा था, वह उसका नहीं था। उसे जानबूझकर जेई ने मौत के मुंह में धकेला है। पुलिस को इस बारे में शिकायत दी गई है। फिलहाल पुलिस ने कुछ भी बताने से इन्कार किया है।
इधर, रिठाल फोगाट में अशोक कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। कर्मचारी को 132 केवी के बिजली घर में करंट लगा है। गंभीर हालत होने पर पीजीआईएमएस ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां पर उनका इलाज चल रहा है।