कुंभ मेले में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज बस में तभी टिकट मिलेगा जब वह कोरोना जांच की रिपोर्ट कंडक्टर को दिखाएगा। यदि कोई रिपोर्ट नहीं दिखाएगा तो उसे मुजफ्फरनगर में ही उतार दिया जाएगा। यह आदेश रोहतक डिपो के महाप्रबंधक ने ट्रैफिक विभाग को जारी कर दिए हैं।
उत्तराखंड सरकार कुंभ मेले में भी कोरोना गाइड लाइन का सख्ती से पालन करवा रही है। चूंकि हजारों श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने आ रहे हैं, इसलिए उत्तराखंड सरकार कोई रिस्क लेना नहीं चाहती। हरिद्वार के बॉर्डर पर हुई सख्ती की वजह से मंगलवार को श्रद्धालुओं को लेकर गई बस को आगे नहीं जाने दिया गया। चालक-परिचालक जब कोरोना की जांच रिपोर्ट नहीं दिखा सके तो उन्हें भी लौटा दिया गया। हरिद्वार के अधिकारियों ने रोडवेज के चालक-परिचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि हरिद्वार में वहीं श्रद्धालु प्रवेश कर सकेगा, जिसके पास कोरोना जांच की रिपोर्ट होगी। इसके अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यदि कोई इधर-उधर के रास्ते से प्रवेश करता हैं, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को जब मामला महाप्रबंधक के पास पहुंचा तो उन्होंने तुरंत हरिद्वार के लिए बस लेकर जाने वाले चालक-परिचालकों की जांच कराने के आदेश दिए। इसके अलावा कहा कि कंडक्टर उसी श्रद्धालु अथवा यात्री का टिकट हरिद्वार तक बनाएगा, जो कोरोना की जांच रिपोर्ट दिखाएगा। महाप्रबंधक ने चालक-परिचालकों की जांच रिपोर्ट नहीं आने तक बसों को मुजफ्फरनगर तक जाने के आदेश दिए हैं। महाप्रबंधक जोगेंद्र रावल ने बताया कि हरिद्वार जाने वाले यात्री अथवा श्रद्धालुओं को तभी टिकट दिया जाएगा जब वह कोरोना की जांच रिपोर्ट दिखाएगा। फिलहाल दो दिन तक हरिद्वार जाने वाली बसें मुजफ्फरनगर तक जाएंगी।