रोहतक। रोहतक से रेवाड़ी भतीजी की शादी में जा रही एक महिला के बैग से किसी ने नकदी व जेवरात निकाल लिए। महिला के पति ने अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज करवाया है।
पुलिस के मुताबिक रेवाड़ी के गांव खंडोडा निवासी दिनेश ने दी शिकायत में बताया कि वह परिवार सहित गोहाना रोड स्थित सूर्य नगर में किराए का मकान लेकर रहता है। चार फरवरी को उसकी भतीजी की शादी है। पत्नी व बच्चों को शादी में जाने के लिए दो फरवरी की सुबह रोहतक से राजस्थान के कोटा जा रही बस में बैठाकर आया था। जब सुबह करीब 10 बजे बस स्टैंड से चलकर राजीव गांधी स्टेडियम तक पहुंची, उससे पहले किसी ने बैग के अंदर से उसकी पत्नी की सोने की झुमकी, अंगूठी, चांदी का पाजेब व चुटकी व 15 हजार रुपये की नकदी व पहचान पत्र निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।