फोटो 1 सांपला हसनगढ़ में हुक्के पर चुनावी चर्चा।
रोहतक। चौपाल के तहत सिविल लाइंस रोडवेज के पास लोकसभा चुनाव को लेकर आम लोगों से बातचीत की गई। इस दौरान सभी वर्गों के लोगों ने अपने विचार रखे। सभी ने आने वाले चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने के साथ प्रत्याशियों के बारे में खुलकर चर्चा की। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमर उजाला की ओर से सोमवार को हसनगढ़ गांव में आयोजित चुनावी चौपाल में लोगों ने प्रत्याशियों और सरकार को लेकर बेबाकी से अपने विचार रखे। अधिकांश लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी व पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं, कानून व्यवस्था व मुफ्त राशन को लेकर सरकार की योजना को सराहा।
प्रदीप कुमार ने कहा कि विधानसभा का चुनाव छोटा नहीं है। इसलिए प्रत्याशी की योग्यता का सवाल ही नहीं उठता है। वोट उसी को दिया जाएगा जो विकास कार्य व जनता के हितों की रक्षा करेगा। वर्तमान सरकार अच्छा कार्य कर रही है। मुफ्त में राशन मिलने से लोगों को भटकना नहीं पड़ रहा है।
बलवान ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। कोई भी अपराधी कानून से नहीं डरता है। लोगों के भीतर कानून का भय व्याप्त होना चाहिए। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को सख्त कदम उठाना चाहिए। प्रेम सिंह, वेदप्रकाश रामप्रसाद ने कहा कि स्कूलों में बच्चों की फीस महंगी हो गई है। हर साल कॉपी और किताबों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। रोहित ने कहा कि इस बार हम सबको बढ़ चढ़कर मतदान करना चाहिए। जब अधिक से अधिक मतदान होगा तो सही प्रत्याशी का चयन हो सकेगा और इससे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।