जल जीवन मिशन योजना के तहत जनस्वास्थ्य विभाग पानी की भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए बोहर, झज्जर रोड और पहरावर में जमीन तलाश कर रहा है। जेएलएन व बीएसबी नहरों के नजदीक जमीन मिलने पर बड़े जलाशय बनाए जाएंगे। इससे पानी की भंडारण क्षमता 90.88 करोड़ लीटर से बढ़ाकर 180 करोड़ लीटर होगी।
शहर की करीब छह लाख आबादी को जनस्वास्थ्य विभाग चार जलघरों (मानसरोवर पार्क, झज्जर रोड, देव कॉलोनी व सोनीपत रोड) से पेयजल आपूर्ति करता है। शहरवासियों को रोजाना 8.70 करोड़ लीटर पेयजल आपूर्ति चाहिए, मगर समुचित आपूर्ति नहीं होती। गर्मी में कई इलाकों में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो जाता है। कई-कई दिन तक नलों से पानी नहीं आता है। जब नहर से पानी की आपूर्ति गड़बड़ा जाती है तो पेयजल आपूर्ति के समय में कटौती भी कर दी जाती है। गंभीर पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग अब जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी की भंडारण क्षमता बढ़ाएगा। इसके तहत जनस्वास्थ्य विभाग बोहर, झज्जर रोड और पहरावर में बीएसबी (भालौठ सब ब्रांच) और जेएलएन (जवाहरलाल नेहरू) नहर के आसपास जमीन तलाश रहा है, ताकि बड़े जलाशय बनाकर पानी का भंडारण किया जा सके।
किस जलघर की कितनी क्षमता
1. मानसरोवर पार्क- 21,30,14,450 लीटर
2, सोनीपत रोड - 31,07,53,000 लीटर
3. देव कॉलोनी - 2,28,50,016 लीटर
4. झज्जर रोड - 36,22,24,450
कुल भंडारण क्षमता 90,88,41,916 लीटर
जेएलएन व बीएसबी के नजदीक बोहर, झज्जर रोड व पहरावर में जमीन देखी जा रही है। तीनों जगह पानी के भंडारण के लिए जलाशय बनेंगे, जो सीधे जलघरों से जुड़े होंगे। इनके बनने से जनस्वास्थ्य विभाग की भंडारण क्षमता दोगुनी हो जाएगी। इसके बाद शहर में पेयजल समस्या का निदान होगा।
- राजीव गुप्ता, अधीक्षण अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग