रोहतक। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त सचिन गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर 21 जून तक योग मैराथन, संगोष्ठी, रिहर्सल और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
जिले में 11 से 13 जून तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड तथा आमजन भाग लेंगे।
जिला स्तर पर योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गुरुकुल, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र और स्काउट-गाइड के सदस्य शामिल होंगे। स्कूली विद्यार्थी जागरूकता रैली में बैनर और तख्तियां लेकर योग संदेश फैलाएंगे।
14 से 18 जून तक विभिन्न वर्गों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। 19 जून को योग एवं रिसर्च विषय पर संगोष्ठी और सेमिनार आयोजित होगा। 20 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक मुख्य कार्यक्रम की पायलट रिहर्सल की जाएगी।
मुख्य अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मनाया जाएगा। इसमें शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी, स्टाफ और आमजन भाग लेंगे। इच्छुक प्रतिभागी www.internationalyogadayhry.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पवार, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगराधीश शुभम, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।