सांपला। कस्बे के दोनों महाविद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। आवेदन की अंतिम तिथि 7 जून निर्धारित की गई है। इस बार रेगुलर कोर्सों में विद्यार्थियों की रुचि कम दिखाई दे रही है, जबकि रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की ओर रुझान बढ़ा है।
सर छोटूराम कन्या महाविद्यालय में कुल 520 सीटें हैं, इनमें बीए 360, बीकॉम 80, बीएससी 40 और इतिहास ऑनर्स 40 सीटें शामिल हैं। वहीं राजकीय महाविद्यालय की 340 सीटों के मुकाबले 251 आवेदन आए हैं।
महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संतोष हुड्डा ने बताया कि छात्राओं की सुविधा के लिए निशुल्क फॉर्म भरे जा रहे हैं। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार अंतिम दिनों में आवेदन बढ़ सकते हैं, लेकिन रेगुलर कोर्स की सभी सीटें भरना चुनौतीपूर्ण रहेगा। पूर्व प्राचार्य डॉ. देवेंद्र हुड्डा ने कहा कि नई शिक्षा नीति और बदलते रोजगार बाजार ने विद्यार्थियों की प्राथमिकताओं को बदल दिया है। संवाद