रोहतक। कुख्यात बदमाश जिला पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए हैं। झज्जर पुलिस के इनामी हिमांशु उर्फ भाऊ, सैमाण के विकास उर्फ मटरी व खिड़वाली के नवीन उर्फ भंडर सहित छह बदमाशों पर नए सिरे से इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए वीरवार को एसपी कार्यालय की तरफ से सूची तैयार की गई। जल्द इस सूची को चंडीगढ़ स्थित पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शामिल रोहतक में कई गैंग सक्रिय रही हैं। दो दशक पहले जेल के अंदर से फिरौती मांगी जाती थी। क्योंकि रोहतक में सक्रिय हार्ड कोर अपराधी दिल्ली में सक्रिय गैंगों के संपर्क में रहते हैं। वारदात अंजाम देने के बाद आसानी से दिल्ली में छुप जाते हैं, जहां स्थानीय पुलिस के लिए उनको खोजना काफी कठिन रहा है। फिलहाल लंबे समय से कुख्यात अपराधियों की सक्रियता बेहद कम थी, लेकिन छह माह से दोबारा वारदात होने लगी हैं। जून माह में सैमाण गांव में रोहित नाम के युवक की हत्या कर दी गई, जिसमें गांव के ही युवक विकास उर्फ मटरी का नाम आया था, जो लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है। इतना ही नहीं, मटरी का नाम गांव के टेलर की हत्या में भी आया था। क्योंकि टेलर की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर मटरी के नाम से पोस्ट जारी हुई थी। अभी तक पुलिस मटरी तक नहीं पहुंच चुकी है। इसके बाद खिड़वाली गांव में एक व एक सांघी गांव में गोली चलने की वारदात हुई। उस वारदात में खिड़वाली के युवक नवीन उर्फ भंडर का नाम आया था। भंडर तक भी पुलिस अब तक नहीं पहुंच चुकी है।
रिटौली ने चौंकाया, एक सप्ताह में तीन हत्याएं
अब पुलिस के लिए नई चुनौती रिटौली गांव बना हुआ है, जहां दो पक्षों में खूनी रंजिश चल रही है। एक सप्ताह के अंदर वहां तीन हत्याएं हुई। इसमें झज्जर पुलिस के इनामी हिमांशु उर्फ भाऊ व दूसरी तरफ से अंकित उर्फ बाबा को आरोपी बनाया गया है। दोनाें को पुलिस दबोचने में कामयाब नहीं हुई है। भाऊ पर झज्जर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था, लेकिन रोहतक पुलिस अब इनाम की सिफारिश करेगी।
रिटौली को सीधा कंट्रोल रूम से जोड़ा
एक दिन पहले आईजी ममता सिंह व एसपी उदय सिंह मीना ने रिटौली गांव का दौरा किया था। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा का आश्वासन दिया था। गांव में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है, जहां 40 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही नाके लगाकर जांच पड़ताल की जा रही है। रात को भी पुलिस गश्त करती है। वीरवार को गांव में वायरलेस सैट स्थापित किया गया, ताकि सीधा कंट्रोल रूम से जोड़ा जा सके।
वर्जन-
हिमांशु उर्फ भाऊ, विकास उर्फ मटरी व नवीन उर्फ भंडर सहित छह कुख्यात अपराधियों का रिकॉर्ड एकत्रित किया है। भाऊ, मटरी व भंडर पर जहां इनाम बढ़वाया जाएगा, बल्कि तीन नए अपराधियों पर इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यालय पत्र भेजा जा रहा है।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक