सप्ताह भर से गांव बलियाना में दो परिवार के बीच चला आ रहा विवाद खत्म हो गया। जिम्मेदार लोगाें की मौजूदगी दोनों परिवारों ने गांव के ही युवक-युवती के प्रेम विवाह को स्वीकृति दे दी। मामले को लेकर पिछले कई दिनों से तनाव की स्थिति थी। दरअसल, एक सप्ताह पहले गांव के एक युवक-युवती ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ कोर्ट मैरिज कर ली थी। प्रेमी युगल अलग-अलग जाति से संबंध रखते हैं।
शादी की सूचना मिलने पर युवक युवती के परिजन विरोध में आ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने शुरू कर दिए। हालात तनावपूर्ण होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई। सहमति बनाने को लेकर दोनों पक्षों के लोगों ने बैठक की। बैठक में दोनों परिवार के सदस्यों ने प्रेम विवाह को स्वीकृति दे दी। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस भी पिछले कई दिनों से मामले पर नजर बनाए हुए थी। फिलहाल प्रेमी युगल गांव में ही है।