शहर से निकलते ही आपको जेब ढीली करनी पड़ेगी। पानीपत हाईवे पर मकड़ौली और
डाहर टोल प्लाजा के बाद अब हिसार और दिल्ली हाईवे पर भी टोल शुरू करने की
तैयारी है। दिल्ली हाइवे पर रोहद तो हिसार हाइवे पर मदीना और कैंट में टोल
देना होगा। वहीं, जींद रोड पर भी चांदी गांव के पास टोल प्रस्तावित है। ऐसे
में भिवानी रोड को छोड़ दिया जाए तो शहर से निकलते ही आपको जेब खाली करनी
पड़ेगी। हां, रोहद और मदीना टोल शुरू करने की तैयारियों के बीच ही मकड़ौली
टोल पर हंगामा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां कुछ लोगाें ने टोल
प्रबंधन को सामान समेटने की धमकी दी है।
जनवरी में शुरू होगा मदीना टोल
हिसार-रोहतक
हाइवे पर नए वर्ष से वाहन चालकों की जेब ढीली होगी। मदीना और हिसार कैंट
के पास करीब दो वर्ष से चल रहे टोल का निर्माण इस साल के आखिर तक पूरा कर
दिया जाएगा। हिसार से रोहतक की दूरी करीब 90 किलोमीटर है। इस हाइवे पर टोल
वसूली के लिए सदभाव कंपनी को टेंडर दिया गया था। हाइवे निर्माण के साथ-साथ
टोल वसूली के लिए कंपनी ने मदीना गांव के पास और हिसार कैंट के पास दो टोल
प्लाजा बनाए हैं। टोल पर दस-दस लेन बनाई गई हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं
किया गया है कि कंपनी इस हाइवे पर कितने दिन तक टोल वसूलेगी।
मकड़ौली टोल से सस्ता, स्थानीय लोगों को छूट
कंपनी
अधिकारियों के अनुसार, मकडौली टोल पर कार का 115, बस और ट्रक का 345 और
एलएमवी वाहनों से 170 रुपये एकतरफा टोल लिया जाता है। लेकिन रोहतक-हिसार
हाइवे पर टोल टैक्स इससे कम रहेगा। एनएचआई के नियमानुसार, टोल टैक्स हाइवे
दूरी और बजट आदि कई बिंदुओं पर निर्भर रहता है। हालांकि किस वाहन से कितना
टोल लिया जाएगा, इसके लिए अभी कोई गाइडलाइन नहीं आई है। स्थानीय लोगों को
टोल टैक्स से छूट दी जाएगी।
रोहतक-हिसार हाइवे पर टोल का कार्य पूरा हो चुका है। जनवरी में दोनों टोल शुरू कर दिए जाएंगे।
- सतानंद सिंह चौहान, चीफ जनरल मैनेजर
मकड़ौली टोल पर नहीं रुक रही वारदात
रोहतक-पानीपत
टोल पर जानलेवा हमले के दूसरे ही दिन सिक्योरिटी गार्ड को फिर धमकी दी गई।
दो अज्ञात युवकों ने टोल पर आकर सिक्योरिटी गार्ड को धमकी दी कि यह सब
यहां नहीं चलने दिया जाएगा। अपना सामान समेट लो, वरना अंजाम बुरा होगा।
मैनेजर सिक्योरिटी ने पुलिस में इसकी शिकायत की है।
बता दें कि
रोहतक-पानीपत टोल प्लाजा पर शनिवार शाम नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला
बोल दिया था। हमलावरों ने सुपरवाइजर सत्यवान समेत कई लोगों को पीटकर घायल
कर दिया था। मैनेजर सिक्योरिटी प्रेम सिंह देशवाल ने बदमाशों के खिलाफ सदर
थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी है,
लेकिन रविवार को दो युवकों ने टोल पर पहुंचकर सिक्योरिटी गार्ड को फिर से
धमकी दे डाली। युवकों ने धमकी दी कि जो भी शिकायत की है, उसे वापस ले लो और
अपना सामान समेट लो। धमकी के बाद से ही टोल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मैनेजर सिक्योरिटी ने बताया कि घटनाक्रम में मकड़ौली गांव के दो युवकों के
नाम सामने आए हैं।
टैक्स बचाने के लिए निकाली जा रही थी गाड़ी
मैनेजर
ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में साफ हो गया है कि जिस गाड़ी में हमलावर आए
थे, वह मकड़ौली गांव की है। इस गाड़ी को टैक्स से बचाने के लिए घरेलू
बताया जाता है, लेकिन यह गाड़ी हर रोज यात्री भाड़े में चलाई जाती है।
गाड़ी एक ट्रक के पीछे लगाकर निकाली जा रही थी। इसे सिक्योरिटी गार्ड ने
रोक लिया तो कुछ देर बाद ही घटना को अंजाम दे दिया गया। हालांकि स्टाफ फिर
आशंका जता रहा है कि टोल पर कोई बड़ी वारदात हो सकती है। इसके लिए पुलिस को
भी जानकारी दी गई है।