रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के 40वें इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल यूनीफेस्ट 2022 का रविवार को धमाकेदार समापन हुआ। समारोह की ओवरऑल ट्रॉफी पर पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय ने कब्जा जमाया। यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) की टीम द्वितीय रही। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे। यही नहीं, मंच से युवा कलाकारों ने देशप्रेम, हरियाणवी संस्कृति व खुशहाली का संदेश दिया। हरियाणा सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
एसीएस ने कहा कि वर्तमान दौर में सांस्कृतिक, साहित्यिक, कला क्षेत्र, खेल क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर के बेहतरीन अवसर उपलब्ध हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग एमडीयू की विकास यात्रा में यथासंभव सहयोग देगा।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि एमडीयू वर्ष 2025 तक नई शिक्षा नीति (एनईपी 2020) को क्रियांवित करने के लिए संकल्पबद्घ है। उन्होंने यूनीफेस्ट 2022 के सफल आयोजन के लिए अधिष्ठाता छात्र कल्याण, निदेशक युवा कल्याण व उनकी टीम को सराहा। कार्यक्रम का संचालन निदेशक युवा कल्याण डॉ. जगबीर राठी ने किया। स्वागत भाषण अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार ने दिया। आभार प्रदर्शन आयोजन सचिव मानविकी एवं कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. हरीश कुमार ने किया। पारितोषिक वितरण समारोह में उद्योगपति राजेश जैन बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
मनुष्य को संवेदनशील बनाती है कला
कला, साहित्य, संगीत मनुष्य को संवेदनशील बनाती है। हम अशक्त लोगों, विशेषकर मूक-बधिर-दृष्टिबाधित के प्रति भी संवेदनशील हों। यह कहना है महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की प्रथम महिला एवं हरियाणा वेलफेयर सोसायटी फॉर स्पीच एंड हियरिंग इंपेयर्ड की अध्यक्ष डॉ. शरणजीत कौर का। वे रविवार को यूनीफेस्ट के तीसरे दिन प्रात: कालीन सत्र को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि हमें समाज में शारीरिक अशक्त व्यक्तियों के प्रति परानुभूति होनी चाहिए।
पारंपरिक एवं लोक गीतों की धूम
टैगोर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रात: कालीन सत्र में हरियाणवी पारंपरिक एवं लोक गीतों की धूम रही। प्रतिभागी टीमों ने हरियाणवी गीतों के जरिये ग्रामीण जीवन व पारंपरिक संस्कृति की छटा बिखेरी। हरियाणा का लोक जीवन इन गीतों में जीवंत हो गया। टैगोर सभागार के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इलोक्यूशन (वक्तृता) प्रतियोगिता में प्रतिभागी साक्षी दलाल, नीति भारद्वाज, अंशू सहरावत व आलोक सिंह ने भारतीय युवा की दिशा-दशा पर प्रभावी विचार साझा किए। ललित कला स्पर्धा के तहत रंगोली व फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने रंगों के सुंदर मिश्रण से रंगोली सजाई। फोटोग्राफी इवेंट में प्रतिभागियों ने यूनीफेस्ट के विविध रंगों व विधाओं को अपने कैमरे में उतारा। राधाकृष्णन सभागार में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने सामान्य ज्ञान का परिचय दिया। यूनीफेस्ट 2022 अपने विविध सांस्कृतिक रंगों के साथ खूब लुभाया।
यूं रहे परिणाम
भारतीय सांस्कृतिक संगीत (वोकल) में छोटूराम आर्य कॉलेज सोनीपत प्रथम, एमकेजेके कॉलेज रोहतक द्वितीय व राजकीय नेहरू कॉलेज फरीदाबाद तृतीय रहा। भारतीय सांस्कृतिक (इंस्ट्रयूमेंटल) छोटूराम आर्य कॉलेज सोनीपत प्रथम, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक द्वितीय व राजकीय नेहरू कॉलेज फरीदाबाद तृतीय रही। लाइट म्यूजिक वोकल में पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज प्रथम, पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद द्वितीय, एलएन हिंदू कॉलेज रोहतक तृतीय रहा। लोक कला में राजकीय महिला महाविद्यालय रोहतक प्रथम, पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद द्वितीय व पंडित नेकीराम शर्मा रोहतक तृतीय रहा। समूह गीत सामान्य में यूटीडी एमडीयू प्रथम, पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद द्वितीय व पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज तृतीय रहा। कव्वाली में पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद प्रथम, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक द्वितीय व सरस्वती महिला महाविद्यालय पलवल तृतीय रहा। पाश्चात्य समूह गीत में यूटीडी एमडीयू प्रथम, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक द्वितीय व पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद तृतीय रहा। हरियाणवी आर्केस्ट्रा में छोटूराम आर्य कॉलेज सोनीपत प्रथम, यूटीडी एमडीयू द्वितीय व पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक तृतीय रहा। हरियाणवी समूह गीत पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक प्रथम, यूटीडी एमडीयू द्वितीय व पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद तृतीय रहा। क्लासिकल डांस में पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक प्रथम व एमकेजेके महाविद्यालय रोहतक द्वितीय रहा। ग्रुप डांस में वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज रोहतक प्रथम व पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज रोहतक द्वितीय रहा। मिमिक्री में वैश्य लॉ कॉलेज प्रथम, जाट कॉलेज द्वितीय व एलएन हिंदू कॉलेज तृतीय रहा। हिंदी वन एक्ट प्ले में एमकेजेके कॉलेज प्रथम, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज द्वितीय, पंडित जेएलएन राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद तृतीय रहा। संस्कृत वन एक्ट प्ले में एमकेजेके कॉलेज प्रथम, एसजेके कॉलेज कलानौर द्वितीय व इंस्टीट्यूट आफ लॉ एंड रिसर्च फरीदाबाद तृतीय रहा।
यूनिफेस्ट 2022 में हरियाणवी समूह नृत्य प्रस्तुत करती प्रातिभागी छात्राएं। अमर उजाला