लॉकडाउन कोरोना की दूसरी लहर को कमजोर करने लगा है। वीरवार को भेजे गए 2471 जांच सैंपल में से शुक्रवार को 337 पॉजिटिव मिले हैं और 798 की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में सात मरीजों की उपचार के दौरान मौत की पुष्टि की है। वहीं 244 मरीजों के कोरोना से ठीक होने की बात कही है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने बताया कि इन दिनों कोरोना की जांच रिपोर्ट पिछले दिनों की तुलना में राहत देने वाली हैं। यदि आमजन विभाग की गाइड लाइन का पालन करे तो संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 24303 हो गई है। इसके साथ ठीक होने वालों की संख्या भी 22271 पहुंच गई है। जिले में 1570 कोरोना के सक्रिय मरीजों में से 106 अस्पताल में भर्ती हैं और 1464 होम आइसोलेशन में हैं। जिले में कोरोना से दम तोड़ने वालों की कुल संख्या 462 हो गई है। वहीं कोरोना संक्रमण 5.78 प्रतिशत के हिसाब से फैल रहा है और रिकवरी रेट 91.63 प्रतिशत हो गया है। विभाग अभी तक जिले में 420363 लोगों की कोरोना जांच करवा चुका है। गौरतलब है कि शुक्रवार को भराण गांव में 21 साल की गृहिणी ने कोरोना उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
165506 का हो चुका टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अब तक 165506 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगा दिया है। डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिलजीत त्रेहान ने बताया कि शुक्रवार को 1376 को पहली व 218 को कोरोना से बचाव की दूसरी डोज लगाई है।
566 आरक्षित कोरोना के बेड पर 270 मरीज
पीजीआईएमएस में कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित 566 बेडों पर 270 मरीज उपचाराधीन हैं। यहां 68 मरीज ऑक्सीजन पर, 138 हाई फ्लो ऑक्सीजन पर व 53 वेंटीलेटर पर हैं।