पांच करोड़ की लूट का आरोपी काबू।
- फोटो : अमर उजाला
छह माह पहले रेवाड़ी में हुई पांच करोड़ की लूट में वांछित एक लाख के इनामी बदमाश दीपक को रोहतक एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मध्यप्रदेश के देवास जिले के गांव चिड़ावद, थाना टोंकखुर्द का रहने वाला है। एसटीएफ ने आरोपी को रेवाड़ी की धारूहेड़ा की सीआईए पुलिस को सौंपा है।
एसटीएफ एसपी सुमित कुमार ने बताया कि 27 मई 2022 को डीबीजी टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बावल के कंटेनर चालक को अगवा कर 5 करोड़ के मोबाइल फोन लूटे गए थे। दीपक ने अपने सात साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में कसौला थाने में अपहरण व लूट का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पर पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ रोहतक के इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल की टीम ने गुरुवार रात को दीपक को मध्यप्रदेश के टोंक कलां से काबू कर लिया। अब धारूहेड़ा सीआईए की टीम आरोपी से पूछताछ करेगी। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश के टोंक थाने में 2017 व 2020 में तीन मामले दर्ज किए गए थे।