मैना पर्यटन केंद्र में पत्रकारों से बातचीत करते खनन एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार। अमर उजाला
रोहतक। खनन व पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार का कहना है कि भ्रष्टाचार को लेकर सरकार बेहद सख्त है। पंचायत के कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप में पंच व सरपंचों के खिलाफ अब कार्यकाल खत्म होने के छह साल बाद भी जांच हो सकेगी। पहले यह समय सीमा दो साल थी। इसके लिए सरकार ने विधानसभा में पंचायती राज एक्ट में संशोधन बिल पेश किया है। पंवार शुक्रवार को रोहतक के मैना पर्यटन केंद्र में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2025-26 के बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा है, इसलिए 2025-26 के बजट में पिछले बजट से 13.7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, ताकि सभी वर्गों के कल्याण के लिए पर्याप्त बजट मिल सके। बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का फोकस जारी रहेगा। प्रदेश सरकार ने नदियों व नालों में गंदा पानी रोकने के लिए विधेयक प्रस्तुत किया है, जिसके तहत नदी व नालों में गंदा पानी डालने वाले उद्योगों पर भारी जुर्माना लगेगा, साथ ही शहर व गांवों को लालडोरा मुक्त किया गया है। शहरी आवास योजना के तहत शहरों में 30 तो गांवों में 100-100 गज के प्लाॅट पात्र परिवारों को दिए गए हैं।
हुड्डा अब भी हार से सदमे में, शायरी का ले रहे सहारा
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा चुनाव में मिली हार के सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, इसलिए विधानसभा में अपने हलके की आवाज उठाने की जगह केवल शेयरों-शायरी में करते नजर आए। सत्ता पक्ष की आलोचना के अलावा कुछ नहीं कह पा रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश सचिव रेणू डाबला, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, प्रदीप जैन, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरिओम मित्तल भी मौजूद रहे।