कॉलेजों में प्रवेश का इंतजार कर रहे प्रदेश के करीब दो लाख विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। डीजीएचई (डायरेक्टर जनरल हायर एजुकेशन) ने प्रवेश प्रक्रिया का समय सात दिन बढ़ाते हुए अंतिम तिथि 2 सितंबर कर दी है। अब तक दाखिले के लिए चूके विद्यार्थी भी अपना आवेदन कर सकेंगे। अब पहली मेरिट सूची 8 सितंबर को जारी होगी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त थी।
डीजीएचई ने वीरवार को जारी अपने पत्र में कहा है कि दाखिले के लिए पंजीकरण व आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए विद्यार्थी दो सितंबर तक पंजीकरण व आवेदन कर सकेंगे। इन आवेदनों की चार सितंबर तक जांच होगी। इसके चार दिन बाद आठ सितंबर को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। इन विद्यार्थियों के पास नौ से 13 सितंबर तक शुल्क जमा कराने का समय होगा। इसके बाद 15 सितंबर को दूसरी मेरिट सूची जारी होगी। इन विद्यार्थियों को अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए 16 से 18 सितंबर तक शुल्क जमा कराना होगा। इसके बाद छोड़ी गई सीटों पर प्रवेश के लिए 21 सितंबर को पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। विद्यार्थी इसके लिए अपना पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश कॉलेज में ओपन काउंसिलिंग के जरिये ही दिया जाएगा।