शहर में बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए बजट जारी होने के बाद अब एलिवेटेड ट्रैक के लिए भी जल्द ही पैसा मंजूर हो जाएगा। इस बार रेल बजट में एलिवेटेड ट्रैक के लिए बजट जारी होने की पूरी उम्मीद है। इसके अलावा शहर में सीएनजी पाइप लाइन बिछाने का काम भी जल्द शुरू होने वाला है। विधायक मनीष ग्रोवर ने रविवार को मानसरोवर कॉलोनी में आयोजित अभिनंदन समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोहतक-पानीपत रेलवे लाइन पर डबल फाटक से सेक्टर-6 तक एलिवेटेड ट्रैक बनाने के काम को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। प्रयास कर रहे हैं कि रेल बजट में एलिवेटेड ट्रैक के लिए बजट की घोषणा कर दी जाए। इस काम पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होंगे और बजट का प्रावधान होते ही इसका काम शुरू करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। रेलवे ट्रैक से लोगों को जाम से काफी राहत मिलेगी, क्योंकि शहर में तीन रेलवे फाटक हैं। उनके बंद होने से जाम लग जाता है। एलिवेटेड ट्रैक बनने से ट्रेन शहर के ऊपर से निकल जाएगी। सीएनजी पाइप लाइन का काम भी जल्द शुरू होगा
विधायक मनीष ग्रोवर ने कहा कि शहर में सीएनजी पाइप लाइन का काम भी जल्द शुरू होने जा रहा है। इसके लिए मार्च में टेंडर निकाल दिए जाएंगे। इस लाइन के माध्यम से पूरे शहर को सीएनजी उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही शहर में चलने वाले ऑटो में भी सीएनजी का प्रावधान किया जाएगा। इसके लिए ऑटो चालकों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत विभिन्न बैंको से लोन दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहतक शहर को प्रदूषण मुक्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
जून तक शुरू होगा पीजीआई का ट्रामा सेंटर विधायक ने कहा कि पिछले दिनों ही पीजीआई को 100 करोड़ रुपये का बजट दिलवाया गया है। पीजीआई का निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर जून तक चालू हो जाएगा और इसके लिए विभिन्न श्रेणी के लगभग 1300 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आगामी माह के अंत में एमआरआई व सीटी स्कैन आदि सभी सुविधाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली रोड पर इंडस पब्लिक स्कूल के सामने चंडीगढ़ के सेक्टर-17 की तर्ज पर मार्केट का निर्माण किया जा रहा है और अप्पू घर भी मंजूर हो गया है। इसके लिए जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा कच्चा बेरी रोड विधायक के अनुसार अंबेडकर चौक से पुराना बस स्टैंड तक एलिवेटेड रोड बनाने का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा, जिसमें कच्चा बेरी रोड भी जोड़ा जाएगा। रोहतक में नगर निगम की ओर से 100 करोड़ से भी अधिक राशि के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। काठ मंडी को शहर से बाहर ले जाने और ट्रांसपोर्ट नगर का काम भी किया जा रहा है। विधायक ने कॉलोनी वालों की सभी समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया। 'ये रहे मौजूदइस दौरान वार्ड के पार्षद अशोक खुराना, जोगेंद्र सैनी, धीरज चावला, धर्मेंद्र गुगलानी, गिरीश बजाज, बलदेव मिगलानी, अजय निझावन, किला रोड के प्रधान बिट्टू सचदेवा, आशू खुराना, अंकुर अरोड़ा, भूषण चुघ, दिनेश टक्कर, प्रदीप सपड़ा, राजेश लूंबा, इंद्रजीत धींगडा, विकास बिरमानी, बिशंभर आहूजा, प्रवीन बहल, अमन धींगडा, राजीव धींगडा, तिलक धींगडा और प्रवीन मखीजा मौजूद रहे।