एमडीयू की लचर कार्यशैली का नमूना एक बार फिर सामने आने वाला है। दो दिन बाद यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेजों में सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी है, लेकिन अभी तक यूनिवर्सिटी की तरफ से कॉलेजों को कोई सामग्री ही नहीं भेजी गई, जिस कारण यह परीक्षा होगी या फिर नहीं इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एमडीयू से संबद्ध 539 कॉलेजों में फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए 20 नवंबर का शेड्यूल जारी किया गया है। बाकायदा इसके लिए यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर भी जानकारी डाली गई है। परीक्षाओं को मात्र दो दिन बाकी बचे हैं, लेकिन अभी तक भी यूनिवर्सिटी के परीक्षा विभाग की तरफ से कोई तैयारी ही नहीं दिख रही।
परीक्षाओं को लेकर न तो अभी किसी कॉलेज को कोई दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और न ही कॉलेजों में अभी परीक्षा सामग्री भेजी गई। खुद कॉलेज प्रबंधन भी मान रहे है कि बिना तैयारियों के दो दिन बाद परीक्षा बिल्कुल भी संभव नहीं है। यहां तक कि परीक्षा की तैयारी करने के लिए कई कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या भी क्लॉसों में कम हो गई। सूत्रों की मानें तो कई कॉलेजों की तरफ से यूनिवर्सिटी प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया गया है कि यदि परीक्षा 20 नवंबर को नहीं रही तो इसके लिए नया शेड्यूल जारी किया जाए, जिससे असमंजस की स्थिति दूर हो सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह परीक्षा यूनिवर्सिटी 20 नवंबर को बिना तैयारियों के कराएगी या फिर ऐनवक्त पर परीक्षा की डेट आगे बढ़ा दी जाएगी। हालांकि यह तो 20 नवंबर के बाद ही पता चलेगा।
यह बोले प्राचार्य
बिना तैयारियों के इतनी जल्दी परीक्षा होना संभव नहीं है। बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी ने परीक्षा की डेट बढ़ाकर 1 दिसंबर कर दी है, लेकिन इसकी कोई अधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई। यूनिवर्सिटी की कार्यशैली के कारण बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। यदि परीक्षा की डेट बदली गई है तो इसकी जानकारी दी जानी चाहिए, जिससे बच्चों को भी बताया जा सके।
- डॉ. वेदप्रकाश श्योराण, प्राचार्य नेकीराम शर्मा कॉलेज।